बेंगलुरु : जनता दल-सेक्युलर (जद-एस) सुप्रीमो एच.डी.देवगौड़ा ने शुक्रवार को इस बात से इनकार किया उन्होंने कथित तौर पर अपने गठबंधन सहयोगी कांग्रेस के साथ दरार की खबरों के कारण कर्नाटक में मध्यावधि चुनाव की बात कही थी।
जद (एस) के मीडिया सचिव के.गुरुप्रसाद ने पूर्व प्रधानमंत्री के हवाले से कहा, ‘देवगौड़ा को मीडिया के एक वर्ग द्वारा गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने यह नहीं कहा कि राज्य में मध्यावधि चुनाव होगा। उन्होंने कहा कि वह अगले साल होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों में अपनी पार्टी तैयार कर रहे हैं।’
गुरुप्रसाद ने स्वीकार किया कि देवगौड़ा ने शहर के दक्षिण-पश्चिम उपनगर में अपने घर पर मीडिया से बात की, जब मीडिया ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उनके विचार जानने व 87 साल की उम्र में उनके स्वस्थ जीवन के राज को जानने के लिए उनसे संपर्क किया। गुरुप्रसाद ने कहा कि सहयोगियों के बीच मतभेदों के बावजूद दक्षिणी राज्य में साल भर पुरानी गठबंधन सरकार को कोई खतरा नहीं है।
गुरुप्रसाद ने कहा, ‘मीडिया ने इसे सही तरीके से नहीं लिया क्योंकि गौड़ा स्थानीय निकाय के चुनाव का जिक्र कर रहे थे, जो 2020 की शुरुआत में होने हैं। हमारी पार्टी व मुख्यमंत्री एच.डी.कुमारस्वामी कांग्रेस के सहयोग से बाकी के चार साल पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’
देवगौड़ा ने उन रिपोर्टो से भी इनकार किया कि कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) नेता सिद्धारमैया ने नई दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से गठबंधन सरकार से समर्थन वापस लेने के लिए कहा है, ‘क्योंकि यह उनकी पार्टी की संभावनाओं को नुकसान पहुंचा रहा है’ जोकि पार्टी के हाल में लोकसभा चुनावों में महज एक सीट जीतने से स्पष्ट है।
उन्होंने कहा, ‘वास्तव में, गौड़ा ने गुरुवार को याद दिलाते हुए कहा कि यह कांग्रेस के नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी थे, जिन्होंने चुनाव के बाद गठबंधन बनाने के लिए उनसे संपर्क किया और भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए उनके बेटे कुमारस्वामी को गठबंधन सरकार का मुख्यमंत्री बनाने पर सहमत हुए।’
मई 2018 में हुई विधानसभा चुनाव में राज्य में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बनी थी। विधानसभा के 225 सीटों में से भाजपा को 104 सीटें मिली, जो बहुमत से नौ कम हैं।
कांग्रेस 80 सीटें जीतने में कामयाब रही और उसने जद-एस के साथ मिलकर 23 मई को गठबंधन सरकार बनाया। जद (एस) ने 37 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस ने जद (एस) को बिना शर्त समर्थन दिया है।


Download Android App
Download iOS App



