धमतरी, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में धमतरी पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर 4 प्रतिशत मासिक मुनाफा देने का झांसा देकर 3 करोड़ 12 लाख रुपए से अधिक की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए स्टाम्प पेपर पर इकरारनामा और सुरक्षा के तौर पर बैंक चेक भी देता था।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट और निवेश संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
मामले की शुरुआत छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुरूर निवासी 62 वर्षीय शिवकुमार साहू की शिकायत से हुई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी विक्रम सिंह शाह ने धमतरी के कलेक्ट्रेट रोड स्थित अपने “वेल्थ ट्रैकर” कार्यालय के माध्यम से लोगों को शेयर मार्केट और ट्रेडिंग ऐप में निवेश कराने के नाम पर हर महीने 4 प्रतिशत मुनाफा देने का लालच दिया।
निवेशकों का विश्वास जीतने के लिए आरोपी नोटरीकृत इकरारनामा तैयार करवाता था और बैंक के सुरक्षा चेक भी देता था। इसी भरोसे में आकर शिवकुमार साहू और उनके परिजनों ने 25 लाख रुपए निवेश किए। शुरुआती दिनों में आरोपी ने कुछ लाभ देकर विश्वास बनाए रखा, लेकिन बाद में मूलधन और मुनाफे की राशि लौटाए बिना फरार हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से कई निवेशकों से बड़ी रकम जुटाई थी। अब तक की जांच में 3.12 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी का खुलासा हुआ है।
प्रमुख पीड़ितों में संगीता सिन्हा से 81 लाख रुपए, अंबिका प्रसाद सोनवानी से 60 लाख रुपए, भूषण सिन्हा से 28 लाख रुपए, चेतन सिन्हा से 16 लाख रुपए और प्रभुलाल सिन्हा से 12 लाख रुपए की ठगी शामिल है। पुलिस के अनुसार आरोपी शुरुआती दौर में कुछ लोगों को मामूली मुनाफा देकर उनका भरोसा जीतता था और बाद में बड़ी रकम लेकर फरार हो जाता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए धमतरी पुलिस ने विशेष टीम गठित की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही थी।
जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन मध्य प्रदेश के इंदौर में मिली। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और घेराबंदी कर विक्रम सिंह शाह को हिरासत में लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 29 अक्टूबर 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी की पहचान विक्रम सिंह शाह (37) के रूप में हुई है। वह धमतरी का रहने वाला है और इस वक्त रायपुर में रह रहा था। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि निवेशकों से ली गई करोड़ों की राशि कहां निवेश की गई या किन माध्यमों से स्थानांतरित की गई। पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि असामान्य और निश्चित मासिक मुनाफे का लालच देने वाली निवेश योजनाओं से सावधान रहें तथा किसी भी योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता और विश्वसनीयता की पूरी जांच अवश्य करें।
–आईएएनएस
एएमटी/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



