लखनऊ, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। अवैध सिंथेटिक ड्रग्स बनाने के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के एक दूर-दराज के गांव में चल रही ड्रग बनाने वाली एक गुप्त लैब का भंडाफोड़ किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि इस दौरान 1,000 किलोग्राम से अधिक ड्रग्स और प्रीकर्सर केमिकल्स (ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन) जब्त किए गए हैं, और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
डीआरआई अधिकारी ने एक बयान में बताया कि गुरुवार को चलाए गए इस ऑपरेशन में 1,100 किलोग्राम ड्रग्स और प्रीकर्सर केमिकल के साथ-साथ ड्रग्स बनाने के उपकरण भी जब्त किए गए।
बयान के अनुसार, पुख्ता खुफिया जानकारी मिलने पर, डीआरआई अधिकारियों की एक बड़ी टीम ने यूपी एटीएस की मदद से तड़के सुबह संदिग्ध जगह पर एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया।
डीआरआई ने बताया कि तलाशी के दौरान वहां सिंथेटिक ड्रग्स बनाने के लिए एक पूरी तरह से तैयार और चालू लैब मिली। यहां से 184 किलोग्राम अर्ध-निर्मित ड्रग्स, लगभग 582 किलोग्राम प्रीकर्सर केमिकल और ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं।
इसके तुरंत बाद की गई कार्रवाई में, आरोपी के घर की तलाशी लेने पर लगभग 15.4 किलोग्राम तैयार ‘मेथाक्वालोन’ बरामद हुआ। इसके साथ ही, लगभग 153 किलोग्राम रसायन और निर्माण प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली एक मशीन भी जब्त की गई।
एक अन्य आरोपी के ठिकाने पर तलाशी लेने पर लगभग 168 किलोग्राम ‘प्रिकर्सर केमिकल’ (कच्चे रसायन) की एक और बड़ी खेप बरामद हुई। इस अवैध निर्माण इकाई से जुड़े दो लोगों को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया।
बड़ी मात्रा में तैयार ड्रग्स, अर्ध-तैयार सामग्री, कच्चे रसायनों और निर्माण उपकरणों की बरामदगी से पता चलता है कि यहाँ एक संगठित अवैध ड्रग निर्माण का काम चल रहा था।
केंद्रीय एजेंसी ने बताया कि इस कार्रवाई से अवैध ड्रग निर्माण के तंत्र को बड़ा झटका लगा है। एक बड़ी अवैध निर्माण इकाई को नष्ट कर दिया गया है, अवैध सप्लाई चेन से भारी मात्रा में ड्रग्स और कच्चे रसायनों को हटा दिया गया है, और आगे सिंथेटिक ड्रग्स के निर्माण को रोक दिया गया है।
–आईएएनएस
एमएस/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



