ललितपुर, 20 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गई है। उनकी इस यात्रा का समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने समर्थन किया है। इस समर्थन पर दिग्विजय सिंह ने उनका आभार भी माना है।
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की उज्जैन से अयोध्या तक की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा जारी है। यह उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड में है और अभी ललितपुर में चल रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकल रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को समर्थन दिया है।
इस समर्थन के लिए दिग्विजय सिंह ने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वोट चोरी और चंदा चोरी के खिलाफ जारी यह अभियान लोकतंत्र, संविधान और सनातन परंपराओं की गरिमा एवं पवित्रता की रक्षा का जनआंदोलन है। दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल या व्यक्ति की नहीं, बल्कि देश के हर उस नागरिक की है जो लोकतंत्र में जनमत के सम्मान और सनातन धर्म में श्रद्धालुओं की आस्था की पवित्रता पर विश्वास रखता है।
उन्होंने कहा कि जनता के वोट की चोरी लोकतंत्र के साथ विश्वासघात है, वहीं भगवान के नाम पर अर्पित चंदे और चढ़ावे में हेराफेरी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग दोहराते हुए कहा कि उनकी स्पष्ट मांग है कि मशीन रीडेबल वोटर लिस्ट और ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं। जिस दिन सुप्रीम कोर्ट उनकी इस मांग को स्वीकार कर लेगा, उसी दिन से भारतीय जनता पार्टी की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने मंदिरों में प्राप्त दान और चढ़ावे की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। दिग्विजय सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी का समर्थन सत्य और न्याय के इस जनअभियान को नई शक्ति प्रदान करेगा। यह लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और साझा जनहित के मुद्दों पर एकजुटता का संदेश भी है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए अन्य राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, धर्माचार्यों और जागरूक नागरिकों से भी यात्रा के अभियान में सहयोग की अपील की।
दरअसल, दिग्विजय सिंह ने सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन से की थी। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से अयोध्या स्थित श्रीरामलला धाम तक प्रस्तावित इस यात्रा का उद्देश्य चुनाव में वोट चोरी और भगवान के नाम पर प्राप्त दान एवं चढ़ावे में अनियमितताओं के खिलाफ जनजागरण करना है। यात्रा के माध्यम से जनमत के सम्मान, चुनावी पारदर्शिता और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाया जा रहा है।
–आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



