पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने लोकसभा चुनावों के बाद राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा की छूट देने के लिये शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की आलोचना की और कहा कि इसका जवाब देने के लिये भाजपा ‘जैसे को तैसा’ की रणनीति अपनाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से अनुरोध किया कि लोकसभा चुनावों में मिली हार को “सही भावना” में स्वीकार करें।
घोष ने कहा, “ तृणमूल कांग्रेस हार नहीं स्वीकार कर पा रही। उसे नतीजों को सभी भावना के साथ स्वीकार करना चाहिए। तृणमूल कांग्रेस अगर हिंसा को हमारे कार्यकर्ताओं को डराने और हमला करने के लिये इस्तेमाल करेगी तो हम उसी तरह से उन्हें जवाब देंगे। हम जैसे को तैसे की नीति अपनाएंगे।” उन्हें और पार्टी के कुछ दूसरे सांसदों को यहां पार्टी मुख्यालय में सम्मानित किया गया।
घोष ने कहा कि लोगों ने बनर्जी को उनके अहंकार के लिये बेहद “उपयुक्त जवाब” दिया और दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने विपक्षी उम्मीदवारों और नेताओं पर हमला किया और धक्कामुक्की की। उन्होंने कहा, “बंगाल के लोगों ने हमपर भरोसा व्यक्त किया है। वे बंगाल में तृणमूल के कुशासन को खत्म करना चाहते हैं और इसके विकल्प के तौर पर उन्होंने भाजपा को चुना है।” यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा तृणमूल कांग्रेस छोड़कर आने वालों को अपने यहां जगह देगी, उन्होंने कहा कि पार्टी के दरवाजे उन सभी लोगों के लिये खुले हैं जो तृणमूल कांग्रेस से लड़ना चाहते हैं।


Download Android App
Download iOS App



