परीक्षा पे चर्चा: पीएम मोदी के टिप्स से 12वीं के छात्र वैभव का तनाव हुआ दूर

Summary :

परीक्षा पे चर्चा: पीएम मोदी की सलाह से तनावमुक्त हुए छात्र

परीक्षा को लेकर तनाव में रहने वाले छात्रों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम काफी कारगर साबित हो रहा है। दिल्ली के जनकपुरी में रहने वाले 12वीं के छात्र वैभव कनौजिया ने पीएम मोदी से मुलाकात के अपने अनुभव समाचार एजेंसी आईएएनएस के साथ साझा किए।

वैभव कनौजिया ने बताया कि पीएम मोदी के साथ मुलाकात का अनुभव काफी अच्छा रहा है। उन्होंने हमें तिल के लड्डू भी खिलाए थे। हमें बहुत खुशी हो रही थी कि हमारे देश के प्रधानमंत्री परीक्षा पर हमसे बात कर रहे थे। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने हमें बताया कि हमें परीक्षा के दौरान किन-किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। परीक्षा से तनाव नहीं लेना है, बल्कि योद्धा की तरह परीक्षा देनी है।

वैभव ने बताया कि पीएम मोदी के साथ मुलाकात के बाद परीक्षा का डर बिल्कुल गायब हो गया है। इस मुलाकात से पहले परीक्षा को लेकर काफी डर रहता था क्योंकि बोर्ड एग्जाम काफी कठिन होता है। किसी दूसरे स्कूल पर आपका सेंटर होता है। लेकिन, पीएम मोदी द्वारा जो उपयोगी टिप्स मिले हैं, इससे सारा तनाव दूर हो गया है। ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम छात्रों के लिए बेहद जरूरी है क्योंकि छात्र परीक्षा को लेकर काफी तनाव में होते हैं, छात्रों के साथ उनके अभिभावक भी तनाव में होते हैं। इस तरह के कार्यक्रम में जब आप शामिल होते हैं और पीएम मोदी अपने अनुभव से आपको टिप्स दे रहे होते हैं, तो यकीनन इसका फायदा होता है।

वैभव के पिता सुनील कनौजिया ने कहा, “मेरी राय है कि इस तरह के कार्यक्रम होने चाहिए। पीएम मोदी ने इस कार्यक्रम को शुरू करके बहुत अच्छा कार्य किया है। इस कार्यक्रम से छात्रों में परीक्षा को लेकर जो तनाव होता है, वह दूर होता है।” वैभव की मां सीमा कनौजिया ने कहा कि जब तक छात्रों के मन की बात नहीं जानेंगे, तब तक बदलाव नहीं ला सकते हैं। पीएम मोदी को आभार जताना चाहती हूं कि वह इस कार्यक्रम के माध्यम से बदलाव ला रहे हैं। पीएम मोदी हमेशा बच्चों को प्रेरणा देते रहते हैं। 10वीं और 12वीं के छात्रों को परीक्षा से डरना नहीं चाहिए। पीएम ने जो संदेश दिया है, उसका अपने जीवन में पालन करना चाहिए।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.