Disha Salian केस फिर सुर्खियों में, Aditya Thackeray पर लगे गंभीर आरोप

Summary :

Aditya Thackeray पर लगा सामूहिक बलात्कार और हत्या का आरोप

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर दिशा सालियान की मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। दिशा के पिता सतीश सालियान ने बॉम्बे हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की है, जिसमें उन्होंने शिवसेना यूबीटी के विधायक आदित्य ठाकरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसी बीच भाजपा विधायक नितेश राणे ने दावा किया है कि वह पहले दिन से कह रहा था कि यह हत्या है और इसकी जांच होनी चाहिए।

दरअसल, दिशा के पिता सतीश सालियान ने महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और यूबीटी शिवसेना के विधायक आदित्य ठाकरे, पूर्व मेयर किशोरी पेडणेकर और अन्य के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। सतीश सालियन ने कोर्ट से मांग की है कि आदित्य ठाकरे और अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 376(डी), 302, 201, 218, 409, 166, 107, 109, 120(बी) और 34 के तहत मामला दर्ज किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की भी मांग की है।

कोर्ट में याचिका दायर करने के बाद सतीश सालियान के घर के बाहर पुलिस बंदोबस्त बढ़ा दी गई है। इमारत के बाहर पुलिस तैनात की गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। सतीश सालियन ने मीडिया से बात करने से मना कर दिया है और पुलिस से अनुरोध किया है कि उन्हें कोई डिस्टर्ब न करे। उन्होंने कहा कि मैं अभी इस हालत में नहीं हूं कि कोई बात कर सकूं।

वहीं, इस पूरे मामले पर भाजपा विधायक नितेश राणे ने आदित्य ठाकरे पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मैं पहले दिन से कह रहा था कि यह हत्या है और इसकी जांच होनी चाहिए। इसमें आदित्य ठाकरे की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। पहले दिन से ही मैंने उन लोगों के नामों की जांच की मांग की थी, जिनका नाम अब सतीश सालियान ने कोर्ट में अपनी याचिका में लिया है। अब यह साफ हो गया है कि उस वक्त के मुख्यमंत्री के बेटे यानी आदित्य ठाकरे को बचाने के लिए पुलिस ने क्या-क्या कदम उठाए थे।

राणे ने आगे कहा कि अब यह सामने आएगा कि जांच के दौरान किस तरह के दबाव डाले गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि दिशा सालियान के पिता ने सामूहिक बलात्कार और हत्या का आरोप लगाकर याचिका दायर की है, जो इस मामले की गंभीरता को और बढ़ा देता है। इस मामले में अब कोर्ट में सुनवाई हो सकती है और यह मुद्दा महाराष्ट्र विधानसभा में भी उठ सकता है। दिशा सालियान की मौत की गुत्थी अब फिर से उलझती हुई नजर आ रही है, और आदित्य ठाकरे के लिए मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं।

आपको बताते चलें, दिशा सालियान अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर थीं। बिल्डिंग से की गिरने की वजह से दिशा सालियान की मौत हो गई थी। इसके कुछ दिन बाद ही सुशांत सिंह राजपूत अपने घर में मृत पाए गए थे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.