Earthquake In Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार रात को जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता 5.0 मापी गई है। भूकंप हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, चंबा और आसपास के जिलों में महसूस किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मौसम विज्ञान कार्यालय के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे भूकंप आया और इसका केंद्र धर्मशाला से लगभग 40 किलोमीटर दूर कांगड़ा-चंबा सीमा के पास कांगड़ा के धर गोदोई के पास सतह से पांच किलोमीटर की गहराई में था।

लोगों में दहशत का माहौल
अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के झटके महसूस होने के बाद धर्मशाला और आसपास के इलाकों के लोगों में दहशत फैल गई और वे अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, राज्य के किसी भी हिस्से से अभी तक जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। कांगड़ा और चंबा जिले भूकंपीय क्षेत्र पांच के अंतर्गत आते हैं, जो उच्च क्षति जोखिम वाला क्षेत्र है। खबरों के मुताबिक, चंडीगढ़ और पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के चंबा में रिक्टर स्केल पर 5.0 तीव्रता का भूकंप आया।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 5, 2026
Earthquake In Himachal Pradesh: जानें भूकंप क्यों आते हैं
पृथ्वी की ऊपरी सतह (क्रस्ट) कई विशाल और छोटी प्लेटों में विभाजित है, जो हमेशा धीरे-धीरे गति करती रहती हैं। जब ये प्लेटें आपस में रगड़ खाती हैं, एक-दूसरे से दूर जाती हैं, या टकराती हैं, तो किनारों पर भारी दबाव और घर्षण पैदा होता है। जब यह दबाव प्लेटों की सहनशक्ति से अधिक हो जाता है, तो चट्टानें अचानक टूट जाती हैं या अपनी जगह से फिसल जाती हैं। इस अचानक हुई हलचल से भारी मात्रा में ऊर्जा बाहर निकलती है,जो तरंगों के रूप में चारों ओर फैलती है और पृथ्वी की सतह को हिला देती है, जिसे हम भूकंप कहते हैं।



Download Android App
Download iOS App




