आर्थिक पैकेज की चौथी किस्त से अवसर बढ़ेंगे, अर्थव्यवस्था का कायाकल्प होगा : पीएम मोदी

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सरकार द्वारा शनिवार को घोषित आर्थिक उपायों से कारोबार के अवसर बढ़ेंगे और अर्थव्यवस्था का कायाकल्प करने में मदद मिलेगी।

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सरकार द्वारा शनिवार को घोषित आर्थिक उपायों से कारोबार के अवसर बढ़ेंगे और अर्थव्यवस्था का कायाकल्प करने में मदद मिलेगी। 
मोदी ने ट्वीट किया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को जो घोषणाएं की हैं उनमें कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों मसलन कोयला, खनिज, रक्षा, विमानन, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा को शामिल किया गया है। 
प्रधानमंत्री ने कोविड-19 से प्रभावित अर्थव्यवस्था को उबारने के लिए 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज की घोषणा की थी। सीतारमण ने शनिवार को इसी पैकेज की चौथी किस्त का ब्योरा जारी किया। 

अर्थव्यवस्था को उबारने के लिए सरकार ने कुछ बड़े कदम उठाए हैं। इन उपायों के तहत रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की सीमा बढ़ाने, छह और हवाई अड्डों के निजीकरण, और अधिक हवाई क्षेत्र को खोलने और वाणिज्यिक कोयला खनन में निजी क्षेत्र को अनुमति की घोषणा की गई है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इन उपायों और सुधारों से कारोबार के नए अवसर पैदा होंगे। इनसे आर्थिक रूपांतरण में मदद मिलेगी।’’ 

Ujjwal Jain