बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड केस की गुत्थी सुलझने का नाम नहीं ले रही। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस मामले में शुक्रवार को मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है। अभिनेता के बैंक खाते से ट्रांसफर किए गए पैसों का उपयोग कैसे किया गया इसकी जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय जांच एजेंसी ने अपनी शिकायत में धनशोधन रोकथाम कानून (पीएमएएल) के तहत आपराधिक आरोप लगाने के लिए अभिनेता रिया चक्रवर्ती और कुछ अन्य के खिलाफ बिहार पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी का संज्ञान लिया है।
अधिकारियों ने कहा कि अभिनेता की मौत तथा मृतक के खिलाफ की गई कथित आर्थिक गड़बड़ियों से संबंधित मामले में प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज की गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हाल ही में बिहार पुलिस से प्राथमिकी की प्रति मांगी थी।
सुशांत के पिता कृष्ण कुमार सिंह (74) ने चक्रवर्ती, उनके परिवार के सदस्यों और छह अन्य के खिलाफ उनके बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने को लेकर पुलिस में मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई थी। सिंह ने आरोप लगाया कि उभरती हुई फिल्म अभिनेत्री, चक्रवर्ती ने अपना करियर आगे बढ़ाने के लिए मई 2019 में उनके बेटे से दोस्ती तोड़ दी थी।
ईडी सुशांत के पैसों एवं खातों की कथित हेराफेरी के आरोपों की जांच करेगी। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी इस बात की जांच करेगी कि क्या किसी ने सुशांत की आय का उपयोग धनशोधन और अवैध संपत्ति बनाने के लिए किया। मुंबई पुलिस पहले से ही सुशांत की मौत की जांच कर रही है। 34 वर्षीय अभिनेता बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में 14 जून को फांसी के फंदे से झूलते मिले थे।


Download Android App
Download iOS App



