निर्वाचन आयोग ने सबरीमाला मंदिर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणियों पर रिपोर्ट मांगी है और वह कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी की प्रधानमंत्री के खिलाफ ‘चौकीदार चोर है’ टिप्पणी पर एक अन्य रिपोर्ट की भी जांच कर रहा है। उप निर्वाचन आयुक्त चंद्रभूषण कुमार ने लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान बताया कि दो मीडिया सत्र के दौरान आई राहुल गांधी की टिप्पणियों संबंधी खबरों का चुनाव आयोग अध्ययन कर रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि तमिलनाडु के थेनी में एक रैली में सबरीमला मंदिर पर पीएम मोदी की टिप्पणियों को लेकर जिला चुनाव अधिकारियों से भी रिपोर्ट मांगी गई है। रैली में पीएम मोदी ने आरोप लगाया था कि वाम दल और मुस्लिम लीग सबरीमाला पर खतरनाक गेम खेल रहे हैं और उन्होंने धर्म एवं अभिलाषा की जड़ पर प्रहार शुरू कर दिया है।
राहुल की टिप्पणियों को लेकर बीजेपी निर्वाचन आयोग के पास गई जबकि माकपा ने प्रधानमंत्री के बयान को लेकर निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा। बालाकोट हवाई हमले और पुलवामा आतंकवादी हमले पर मोदी की टिप्पणियों पर फैसले को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उप निर्वाचन आयुक्त चंद्रभूषण कुमार ने कहा कि महाराष्ट्र में लातूर प्रशासन ने भाषण का केवल एक पैराग्राफ भेजा था।
Modi का हेलीकॉप्टर जांचने वाला अधिकारी निलंबित, AAP और कांग्रेस ने सवाल उठाए
चंद्रभूषण कुमार ने बताया कि अब पूरा भाषण निर्वाचन आयोग को मिल गया है और उसका अध्ययन किया जा रहा है। लातूर के औसा में हाल ही में आयोजित रैली में पीएम मोदी ने कहा था ‘‘क्या आपका पहला वोट एयर स्ट्राइक करने वालों को समर्पित हो सकता है?’’
उन्होंने कहा था ‘‘पहली बार मतदान करने जा रहे लोगों से मैं कहना चाहता हूं-क्या आपका पहला वोट उन वीर जवानों को समर्पित हो सकता है जिन्होंने (पाकिस्तान में) एयर स्ट्राइक किया? क्या आपका पहला वोट पुलवामा (आतंकी हमले) के वीर शहीदों को समर्पित हो सकता है?’’


Download Android App
Download iOS App




