कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद गुजरात से रिक्त हुई राज्यसभा की दो सीटों पर एक साथ चुनाव कराया जाना चाहिए क्योंकि उसे अंदेशा है कि दोनों सीटें पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए इन पर अलग अलग तिथि पर चुनाव कराया जा सकता है।
पार्टी प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने यह भी कहा कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल इस संदर्भ में जल्द ही चुनाव आयोग का रुख करेगा और अपना प्रतिवेदन देगा। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे पास ऐसी जानकारी है कि गुजरात में राज्यसभा सीटों के लिए अलग अलग तिथि पर चुनाव कराया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह असंवैधानिक होगा। ऐसा करने का साफ मकसद यह रहेगा कि सत्तारूढ़ पार्टी दोनों सीटें जीत लें।
अगर चुनाव एक साथ होता है तो एक सीट विपक्षी पार्टी को मिलेगी।’’ सिंघवी ने कहा, ‘‘हम यह नहीं कह रहे हैं कि एक साथ होने जा रहा है लेकिन हमारी आशंका है जिसे हम मीडिया के माध्यम से चुनाव आयोग तक अपनी बात पहुंचाना चाहते हैं। हम जल्द ही चुनाव आयोग से मिलकर भी अपना पक्ष रखेंगे।’’
उन्होंने कहा कि हम चुनाव आयोग से आग्रह करते हैं कि दोनों सीटों पर एक साथ चुनाव हों क्योंकि अमित शाह और स्मृति ईरानी एक साथ लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। इस तरह की स्थिति में पहले भी हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में एक साथ चुनाव हुए हैं। गौरतलब है कि इस लोकसभा चुनाव में शाह गुजरात की गांधीनगर सीट और ईरानी उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से निर्वाचित हुईं। दोनों गुजरात से राज्यसभा सदस्य थे।


Download Android App
Download iOS App



