FAIMA : देश में डॉक्टरों की सुरक्षा, सेवा शर्तों और करियर से जुड़ी असमानताओं को लेकर एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर एकरूप नीति की मांग उठी है। डॉक्टरों के हितों से जुड़े मुद्दों पर चिंता व्यक्त करते हुए फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) से पूरे देश में यूनिफॉर्म नेशनल मेडिकल सर्विस पॉलिसी लागू कराने की जोरदार वकालत करने का आग्रह किया गया है।
मांग में डॉक्टरों ने कहा है कि जिस प्रकार उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए यूजीसी एक समान नियामक ढांचा प्रदान करता है, उसी प्रकार मेडिकल पेशेवरों के लिए भी राष्ट्रीय स्तर पर एक समान सेवा नीति होनी चाहिए। वर्तमान में नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) होने के बावजूद विभिन्न राज्यों में स्टाइपेंड, वेतन, बॉन्ड नीति, पदोन्नति, कार्य घंटे, सुरक्षा व्यवस्था, आवास और अवकाश जैसी सुविधाओं में बड़ा अंतर देखने को मिलता है।
समान वेतन, समान सुरक्षा और समान अवसर प्रत्येक डॉक्टर का अधिकार
प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि डॉक्टरों के अधिकार और करियर की प्रगति उनके कार्यस्थल या राज्य पर निर्भर नहीं होनी चाहिए। समान कार्य के लिए समान वेतन, समान सुरक्षा और समान अवसर प्रत्येक डॉक्टर का अधिकार है।
इसके साथ ही स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए इंडियन मेडिकल सर्विसेज (आईएमएस) नाम से एक अलग राष्ट्रीय कैडर बनाने की मांग भी उठाई गई है। तर्क दिया गया है कि जब इंजीनियरिंग क्षेत्र के लिए इंडियन इंजीनियरिंग सर्विसेज (आईईएस) जैसी व्यवस्था मौजूद है तो स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी एक समर्पित राष्ट्रीय कैडर बनाया जाना चाहिए, जो भविष्य में चिकित्सा व्यवस्था को और मजबूत बना सके।
यह भी पढ़ें : एम्स की नई सोशल मीडिया गाइडलाइन, बिना अनुमति नाम, लोगो और ब्रांडिंग के इस्तेमाल पर रोक


Download Android App
Download iOS App




