बागपत : उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा है, जहां 21 वर्षीय शिवानी कश्यप को उसके अपने ही परिवार ने दूसरी जाति के युवक से विवाह करने की जिद पर जान से मार डाला।
क्या था मामला?
शिवानी का पड़ोस में रहने वाले अंकित प्रजापति से पिछले डेढ़ साल से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे से विवाह करना चाहते थे, लेकिन जातिगत भिन्नता और समाज की बदनामी के डर से परिवार इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहा था। जब परिजनों को प्रेम-प्रसंग की भनक लगी, तो उन्होंने शिवानी को घर में बंद कर दिया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। इसी के चलते मंगलवार रात को परिवार ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या की रोंगटे खड़ी कर देने वाली साजिश
पुलिस जांच में जो सामने आया, वह बेहद चौंकाने वाला है। मां बबीता, पिता संजीव और फुफेरी बहन ने शिवानी के हाथ-पैर पकड़े। भाई रवि ने गला दबाकर उसकी जान ले ली फिर हत्या के बाद करीब एक घंटे तक शव के पास बैठे रहे। फिर शव को यमुना किनारे ले जाकर जला दिया। इसके बाद राख और अस्थियां भी विसर्जित कर दीं, ताकि कोई सबूत न बचे।
Rahul Gandhi Education : जानिए कितने पढ़े-लिखे हैं राहुल गांधी, पहचान छिपाकर हासिल की डिग्रियां
प्रेमी की सतर्कता से खुला पूरा मामला
बुधवार सुबह शिवानी का मोबाइल बंद मिलने पर अंकित को शक हुआ, उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब गांव पहुंची और पूछताछ शुरू की तो धीरे-धीरे हत्या की पूरी कहानी सामने आ गई। पूछताछ में आरोपी पिता संजीव ने माना कि गांव में लोग ताना मारते थे और इज्जत का सवाल बना दिया गया था। इसलिए उन्होंने अपनी बेटी की हत्या को ही समाधान मान लिया।
प्रेमी ने जताया खतरा, जारी किया वीडियो
हत्या के बाद अंकित ने वीडियो जारी कर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उसने कहा कि अगर उसकी हत्या होती है तो इसके जिम्मेदार शिवानी के परिजन होंगे। उसने यह भी बताया कि शिवानी पहले ही उसे अपनी हत्या की आशंका जता चुकी थी। पुलिस ने पिता संजीव उर्फ संजू और मां बबीता को गिरफ्तार कर लिया है। भाई रवि और फुफेरी बहन अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। अंकित की शिकायत पर IPC की धारा 302 (हत्या), 201 (सबूत मिटाना) और साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है


Download Android App
Download iOS App



