Farmer Protest: किसान नेता पंढेर ने लोगों से अपील की कि वे आज दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच ट्रेन से यात्रा करने की अपनी योजना न बनाएं, क्योंकि रेल रोको आंदोलन के कारण उन्हें थोड़ी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
Highlights
- मांगो को लेकर किसानों का प्रदर्शन जारी
- पंजाब में चलेगा ‘रेल रोको’ आंदेलन
- कई इलाकों में बाधित रहेंगी ट्रेन
किसान आंदोलन जारी है। अपनी मांगों के साथ किसान शंभू और खनौरी बॉर्डर पर डटे हुए है। दिल्ली चलो के असफल प्रयास के बाद आज किसानों का रेल रोको आंदोलन है। जानकारी हो कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक पूरे देश में ट्रेन रोकने का ऐलान किया गया है। खबर यह भी सामने आ रही है कि इस विरोध प्रदर्शन में महिला किसान भी शामिल हो सकती है। किसानों के इस रेल रोको आंदोलन से चार घंटे ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
4 घंटे में ट्रेन नहीं चलेंगी
किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने इस मामले पर बयान देते हुए कहा, कि बीते महीने 13 फरवरी को शुरू किए गए इस आंदोलन के निमित ही आज पूरे देश में रेल रोको आंदोलन का आह्वान किया गया है। उन्होंने कहा कि हम देश के सभी किसान, मजदूर और आम लोगों से अनुरोध करते है कि बड़ी संख्या में रेल रोको में हमारा समर्थन करें। साथ ही उन्होंने कहा है कि इस चार घंटे में ट्रेन से यात्रा करने की योजना ना बनाएं।
सरकार के साथ बातचीत बेनतीजा
जानकारी हो कि किसान आंदोलन को लेकर केंद्र सरकार के साथ चार दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन सभी बेनतीजा रहा। ‘दिल्ली चलो’ के दौरान कई बार हिंसक झड़प भी हुई है। इस झड़प में कुछ किसान नेताओं की मौत भी हो गई थी। उसके बाद से किसानों का प्रदर्शन और प्रभावी होता नजर आ रहा है। ऐसे में संभावना है कि कुछ इलाकों में किसानों के इस रेल रोको का असर देखने को मिल सकता है।
यहां दिख सकता है असर
बता दें कि प्रदर्शनकारी किसान फिरोजपुर, अमृतसर, रूपनगर और गुरदासपुर जिलों सहित पंजाब में कई स्थानों पर रेलवे पटरियों पर बैठेंगे। भारतीय किसान यूनियन (एकता उग्रहां), भारती किसान यूनियन (दकौंदा-धनेर) और क्रांतिकारी किसान यूनियन भी ‘रेल रोको’ आंदोलन में हिस्सा लेंगे। जानकारी यह भी सामने रही है कि इस आंदोलन को लेकर सीमाओं पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।


Download Android App
Download iOS App






