मथुरा, 21 मार्च (आईएएनएस)। मथुरा के प्रसिद्ध गौरक्षक फरसा वाले बाबा उर्फ संत चंद्रशेखर की मौत के बाद मथुरा में तनाव की स्थिति है। प्रशासन अलर्ट मोड पर है। परिवार और आसपास के लोगों ने गंभीर आरोप लगाए हैं और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। घटना से कथावाचक देवकीनंदन महाराज भी दुखी हैं।
कथावाचक देवकीनंदन महाराज ने फरसा वाले बाबा की मौत को सनातन की हत्या बताया। उन्होंने कहा, “पहले मथुरा जैसे तीर्थ स्थल में गौ तस्करी, गौ हत्या जैसे कृत्य शर्मनाक घटनाएं होती थीं, लेकिन आज तो गो रक्षक को ही मार डाला। यह घटना सोची समझी साजिश है या फिर आम घटना, इसके लिए पुलिस को तुरंत कार्रवाई करते हुए एक्शन लेने की जरूरत है। ईमानदारी से निष्पक्ष जांच करने की जरूरत है, जिससे कोई अन्य गौरक्षक शिकार न बने।”
संत चंद्रशेखर के बड़े भाई केशव सिंह ने आईएएनएस को बताया कि काफी समय से वे गौ तस्करों के निशाने पर थे। उन्होंने बताया कि रात मोजे पहनकर वे गायों को बचाने के लिए चार लड़कों के साथ निकले थे और जब वे वाहन की जांच कर रहे थे, तब ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी। पुलिस वाले भी मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं।
केशव सिंह का कहना है कि योगी सरकार को मामले में गंभीरता से कार्रवाई करते हुए गौ तस्करी को रोकना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके छोटे भाई 40 साल से गो सेवा में लगे थे।
फरसा बाबा के साथ मौजूद चश्मदीद गवाह केवल कृष्ण भारद्वाज ने आईएएनएस को बताया कि बाबा ने रात 1 बजे के बाद गौ तस्करी की सूचना फोन के जरिए दी थी और बताया था कि वाहन में पशुधन हो सकता है। हम वहां पहुंच रहे थे, लेकिन 3 बजे के बाद किसी का फोन आता है कि बाबा का एक्सीडेंट हो गया है। वहां पहुंचने पर पता चला कि गौ-तस्कर भाग चुके हैं। इतनी जोरदार टक्कर मारी गई थी कि कि देखकर ही पता लगता है कि किसी ने बदला लेने के इरादे से यह किया है। प्रशासन सच छिपाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने प्रशासन से कड़ा विरोध किया है कि या तो हत्या करने वालों को मारा जाए, नहीं तो वे प्रदर्शन करेंगे।
–आईएएनएस
पीएस/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



