ऑस्ट्रेलिया में भारतीय क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक टेस्ट जीत का जिक्र सोमवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण में भी आया जिन्होंने कहा कि यह देश की ‘सफलता के लिये अदम्य लालसा’ की बानगी देती है। अपने प्रमुख खिलाड़ियों के चोटिल होने और नियमित कप्तान विराट कोहली के पितृत्व अवकाश पर होने के बावजूद भारत ने ऑस्ट्रेलिया की मजबूत टेस्ट टीम को 2 – 1 से हराया।
वित्त मंत्री ने अपने भाषण में कहा,‘‘एक क्रिकेट प्रेमी देश की नागरिक होने के नाते मैंने ऑस्ट्रेलिया में भारत की ऐतिहासिक जीत पर अपार प्रसन्नता का अनुभव किया।’’ उन्होंने कहा,‘‘इसमें वह सारे गुण थे जो हम में खासकर हमारे युवाओं में परिलक्षित होते हैं । यह जीत परिश्रम करने और सफल होने की अदम्य लालसा की बानगी पेश करती है।’’ इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भारत की जीत की सराहना की थी ।
उन्होंने कहा था ,‘‘ इस महीने क्रिकेट के मैदान से अच्छी खबरें आई । हमारी क्रिकेट टीम ने शुरूआती बाधायें पार करके शानदार वापसी की और ऑस्ट्रेलिया में श्रृंखला जीती। हमारे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और टीमवर्क प्रेरणास्पद है।’’ पिछले सप्ताह मुख्य आर्थिक सलाहकार कृष्णामूर्ति सुब्रहमण्यन ने भी नियोजन के जरिये अर्थव्यवस्था को तरोताजा करने को लेकर क्रिकेट का उदाहरण दिया था।
उन्होंने कहा था,‘‘क्रिकेट की तरह अर्थव्यवस्था में भी नियोजन का महत्व है। जब गेंद बहुत स्विंग ले रही हो और काफी अनिश्चितता हो तो संभलकर खेलना जरूरी है। जब गेंद स्विंग ले रही हो तो चेतेश्वर पुजारा की जरूरत है और स्विंग नहीं होने पर ऋषभ पंत खेल सेकता है।’’


Download Android App
Download iOS App



