नई दिल्ली, 19 जुलाई (आईएएनएस)। देशभर में फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ अभियान के तहत रविवार को केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने साइकिल चालकों के साथ साइकिल चलाकर लोगों को फिट रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मनसुख मांडविया ने कहा कि आज के ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। ‘संडे ऑन साइकिल’ का 82वां संस्करण है। उन्होंने कहा कि यह भले ही एक छोटा प्रयास है, लेकिन यही आगे चलकर बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “जब भी आप साइकिल का पैडल चलाते हैं, तब आप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट का हिस्सा बन जाते हैं। इस अभियान से जुड़कर आप खुद को स्वस्थ रखने का संकल्प लेते हैं।”
उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति स्वयं स्वस्थ रहेगा, तभी समाज भी स्वस्थ बनेगा और स्वस्थ समाज ही समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। आज साइकिल का लगाया गया हर एक पैडल विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक का योगदान है, इसलिए सभी लोगों को हर रविवार साइकिल चलाने की आदत अपनानी चाहिए और खुद को फिट रखना चाहिए।
मनसुख मांडविया ने साइकिल चलाने के चार प्रमुख फायदे भी गिनाए। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग सबसे बेहतर व्यायाम है, यह प्रदूषण कम करने का प्रभावी समाधान है, ईंधन की बचत करती है, और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह शरीर को फिट और स्वस्थ रखती है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “यह कार्यक्रम देश भर में लाखों आयुष्मान आरोग्य मंदिर कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर आयोजित किया गया। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि आज 15,000 से ज्यादा जगहों पर ‘संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन किया गया, जहां स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान से जुड़कर स्वस्थ और फिट रहने का संदेश दिया।”
बता दें कि फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने देश में बढ़ते मोटापे की चुनौती से निपटने और जीरो-कार्बन लाइफस्टाइल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इस राष्ट्रीय अभियान के तहत देशभर में हजारों स्थानों पर नियमित रूप से सामुदायिक साइकिलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों में अक्सर भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) और स्थानीय प्रशासन भी सहयोग करते हैं।
–आईएएनएस
वीकेयू/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



