पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ से बिगड़े हालात, केंद्रीय राहत मिशन शुरू

Summary :

अरुणाचल में मानसून का कहर, सावधानी बरतने की अपील

पूर्वोत्तर भारत में बाढ़ की विकट स्थिति के बीच केंद्रीय राहत मिशन चलाया जा रहा है। भारतीय सेना और एनडीआरएफ की टीमें मानवीय सहायता में जुटी हैं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया पर अभियान की जानकारी साझा की और लोगों से सुरक्षित रहने की अपील की।

पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ा है। इस बीच, भारतीय सेना समेत एनडीआरएफ की टीमें लगातार बाढ़ प्रभावित लोगों तक मानवीय सहायता पहुंचा रही हैं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो शेयर कर भारतीय सेना और एनडीआरएफ की तरफ से चलाए जा रहे मिशन की जानकारी दी। उन्होंने एक्स पर वीडियो शेयर कर लिखा, “भारतीय वायु सेना, केंद्रीय सशस्त्र बल, एनडीआरएफ और राज्य सरकार के बलों द्वारा पूर्वोत्तर भारत में एक महत्वपूर्ण मानवीय सहायता और आपदा राहत मिशन शुरू किया जा रहा है। इसके अलावा, उन्होंने एक अन्य पोस्ट में एक वीडियो शेयर किया, जिसमें एक व्यक्ति उफनती नदी के बीच हैंगिंग ब्रिज को पार कर रहा है। किरेन रिजिजू ने लोगों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा, “अरुणाचल प्रदेश में दुनिया में सबसे ज्यादा मानसून की बारिश हुई है। मुझे यह वीडियो मिला है, जिसमें एक व्यक्ति भारत-चीन और म्यांमार सीमा के त्रिकोणीय जंक्शन के पास अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में स्थित हैंगिंग ब्रिज पार कर रहा है। कृपया सावधान और सुरक्षित रहें। सरकार आवश्यक सहायता प्रदान करेगी।”

पूर्वोत्तर में बाढ़ से 34 की मौत, अमित शाह ने दिया मदद का आश्वासन

बता दें कि ‘ऑपरेशन जलराहत-2’ के दूसरे दिन रविवार को भी भारतीय सेना और असम राइफल्स ने मणिपुर में व्यापक बाढ़ बचाव अभियान जारी रखा। पिछले दो दिनों में बच्चों और बुजुर्गों सहित 1,300 से अधिक नागरिकों को बचाया गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल अमित शुक्ला ने कहा कि शनिवार को 800 लोगों को बचाया गया और रविवार को राजधानी इंफाल सहित सबसे अधिक प्रभावित इंफाल पूर्व और इम्फाल पश्चिम जिलों से 500 लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में ले जाया गया। रविवार को सेना और असम राइफल्स के जवानों ने वांगखेई, हेइंगंग, लामलोंग, खुरई, जेएनआईएमएस और अहलप जैसे गंभीर रूप से जलमग्न क्षेत्रों से लोगों को बचाया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.