आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन किरण कुमार रेड्डी अपने कई समर्थकों के साथ शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करने के बाद पार्टी मुख्यालय में आयोजित विशेष संवाददाता सम्मेलन में रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस में उनकी घर वापसी हुई है और उनके लिए यह खुशी का मौका है।
अपने समर्थकों के साथ आज वह राहुल गांधी से मिले और कहा कि वह एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए काम करेंगे। कांग्रेस में वापसी की वजह पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मोदी सरकार आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के साथ किए गए वादों को नहीं निभा रही है और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में तेलुगू लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रही है।
उन्हें राहुल गांधी पर पूरा भरोसा है कि वह तेलंगाना और आंध्र की जनता के हितों की लड़ाई लड़ेंगे इसलिए वह कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। वही, कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कांग्रेस में उनका स्वागत करते हुए कहा कि रेड्डी ने पहले भी कांग्रेस की सेवा की है और आगे भी करते रहेंगे।
बता दें कि एन किरण कुमार रेड्डी अविभाजित आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और विधानसभा के अध्यक्ष रहे हैं। गौरतलब है कि किरण कुमार रेड्डी ने फरवरी 2014 में कांग्रेस छोड़ दी थी और ‘जय समयक्या आंध्र पार्टी’ का गठन किया था।


Download Android App
Download iOS App




