PM मोदी के पक्ष में प्रचार करेंगे पूर्व सपा नेता अमर सिंह 

Summary :

अमर सिंह ने खुद चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लगाते हुये कहा, मैं मोदी सरकार और योगी आदित्यनाथ के पक्ष में सघन प्रचार करने को प्राथमिकता दूंगा।

राज्यसभा के निर्दलीय सदस्य और समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अमर सिंह आगामी लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा के संभावित गठजोड़ से असहमति जताते हुये सिंह ने गुरुवार को मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पक्ष में प्रचार करने की मंशा जताई।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में प्रधानमंत्री ने लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान सिंह की मौजूदगी में उनका जिक्र किया था । इसके बाद से ही उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ संसदीय क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के रूप में सिंह के चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई थी। हालांकि अमर सिंह ने खुद अगला लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलों को खारिज कर दिया।

अमर सिंह का SP-BSP पर वार, बोले- बबुआ-बुआ की बजाय मोदी-योगी का समर्थन करना करूंगा पसंद

उन्होंने ट्वीट कर कहा “आजमगढ़ से मेरे चुनाव लड़ने की अटकलों का दौर जारी है। मैं फिलहाल निर्दलीय सांसद हूं और अभी मेरा चार साल का कार्यकाल बाकी है।” अमर सिंह ने खुद चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लगाते हुये कहा “मैं मोदी सरकार और योगी आदित्यनाथ के पक्ष में सघन प्रचार करने को प्राथमिकता दूंगा।”

इसकी वजह बताते हुये उन्होंने कहा कि वह सपा प्रमुख अखिलेश और बसपा सुप्रीमो मायावती के गठजोड़ को सही नहीं मानते हैं। एक अन्य ट्वीट में अमर सिंह ने विपक्ष की एकता पर चुटकी लेते हुये कहा “ममता बनर्जी संघीय मोर्चे की बात कर रही है और कांग्रेस महागठबंधन की बात कर रही है।

अखिलेश और मायावती भ्रमित हैं क्योंकि बसपा प्रमुख उत्तर प्रदेश से बाहर अपना प्रसार करना चाहती हैं।” उन्होंने मायावती, ममता और मोदी को ‘3 एम’ बताते हुये कहा कि ये तीनों एम कांग्रेस नेतृत्व के लिये परेशानी का सबब बन गये हैं।

Desk Team