Nagpur School Bus Fire : महाराष्ट्र के नागपुर में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वाठोडा चौक पर करीब 35 से 40 स्कूली बच्चों को ले जा रही एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। लपटें सबसे पहले बस के अगले हिस्से से उठीं और देखते ही देखते तेजी से पीछे की तरफ फैलने लगीं।
यह देखते ही बस में सवार बच्चों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। बस ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोका। गनीमत रही कि हादसे के वक्त मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए मोर्चा संभाला और बस के दरवाजे के साथ-साथ खिड़कियों से भी बच्चों को एक-एक कर बाहर निकाला।
टला बड़ा हादसा
बस में लगी आग इतनी तेजी से भड़की कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस को लपटों ने घेर लिया। अगर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे नहीं आते, तो स्थिति काफी गंभीर हो सकती थी।
राहगीरों ने बिना अपनी परवाह किए खिड़कियों से खींच-खींचकर सहमे हुए बच्चों को बाहर निकाला और उन्हें आग की लपटों से दूर ले गए। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई भी बच्चा या अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच और मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, इंजन के पास शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लगने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस और संबंधित विभाग का कहना है कि आग लगने के सटीक और असली कारणों का पता पूरी जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
यह भी पढ़ें – ‘थप्पड़’ मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली सरकार और मंत्री प्रवेश वर्मा को जारी किया नोटिस


Download Android App
Download iOS App



