सुकमा : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र सुकमा में चार नक्सलियों ने समर्पण कर दिया। नक्सलियों ने यह समर्पण पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा के समक्ष किया। सुकमा के पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा ने कहा किएक लाख रुपये के इनामी नक्सली समेत चार नक्सलियों ने समर्पण किया है। उन्होंने बताया कि ये सभी नक्सली बुरकापाल सहित कई बड़ी वारदातों में शामिल थे।
नक्सलियों ने हथियारों सहित समर्पण किया है। समर्पित नक्सलियों में मिलिशिया कमांडर गोंचे माड़ा,डीएकेएमएस अध्यक्ष कवासी सिंगा, कवासी प्रकाश, मड़कम हिड़मा शामिल है। इनके खिलाफ आईईडी ब्लास्ट, पुलिस गश्त टीम पर हमला, चिंतागुफा कैंप में फायरिंग,रोड ब्लाक करना समेत अन्य दर्जनों मामले दर्ज है। समर्पण करने वाली सभी नक्सली 2008 से 2013 के बीच नक्सली संगठनों में भर्ती हुए थे।
अभिषेक मीणा ने बताया कि इसके अलावा मंगलवार को सर्चिंग पर निकले डीआरजी और एसटीएफ के जवानों पर वीराभट्टी इलाके में नक्सलियों ने हमला कर दिया। जवानों ने भी जवाब में गोलीबारी शुरू की। फोर्स को भारी पड़ता देख नक्सली मौके से भाग निकले। घटनास्थल से एक भरमार एयरगन के साथ नक्सली सामग्री बरामद हुई है। इससे पहले नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में भी 62 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था।
कांकेर क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक रतनलाल डांगी के अनुसार नारायणपुर क्षेत्र के 62 नक्सलियों ने इसी साल अप्रैल में नक्सल विरोधी अभियानों के तेज होने, पुलिस और सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव और शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया था। वहीं, सुकमा पुलिस ने 4 मई को दो इनामी नक्सलियों को झड़प के दौरान मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस को इन नक्सलियों के पास से काफी विस्फोटक सामग्री मिली थी।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



