प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्षी दलों पर विभाजनकारी ताकतों को समर्थन देने का आरोप लगाते हुये आज कहा कि उनकी सरकार ने सभी बंदिशे तोड़ते हुये सुरक्षा बल के जवानों को आतंकवादियों और नक्सलियों से निपटने की खुली छूट दी है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता पीएम मोदी ने यहां एयरपोर्ट मैदान में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवारों के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुये कहा,‘‘भय के माहौल से बाहर निकलने के लिए छटपटा रही देश की जनता को उनकी सरकार ने बड़े संबल दिया है। सरकार ने सुरक्षा बल के जवानों को आतंकवादियों और नक्सलियों से निपटने के लिए खुली छूट दे दी है। इनके अलावा जो टुकड़े-टुकड़े में बटे गिरोह हैं वे खुद टुकड़-टुकड़ होकर बिखर जाएंगे।’’
पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार की आतंकवाद और नक्सलवाद से निपटने की नीति स्पष्ट है। इनसे निपटने के लिए खुली छूट देने का ही परिणाम है कि अब आतंक के आकाओं के चेहरे पर डर साफ नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि अपनी करतूतों के कारण अब पूरी दुनिया में पाकिस्तान को कोई घास नहीं डाल रहा है।
बीजेपी अगली सरकार बनाने पर अनुच्छेद 370 हटा देगी : अमित शाह
प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान में आतंकवादियों के ठिकाने पर वायुसेना की एयरस्ट्राइक की चर्चा करते हुए कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में भागलपुर का भी वीर बेटा शहीद हुआ था। हमने लोगों की भावना को समझते हुए बंदिशों को तोड़ दिया और पकिस्तान को घर में घुसकर मारा। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कांग्रेस की अगुवाई वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पकिस्तान के खिलाफ कागजी कार्रवाई में ही उलझी रह जाती थी, लेकिन राजग सरकार की नीति स्पष्ट है। आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों को खुली छूट दी गई है।
पीएम मोदी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुये कहा कि विपक्षी दल सेना के विशेषाधिकार समाप्त करने की मांग कर रहे हैं। उन्हें देश की जनता को जवाब देना चाहिए कि वे वीर जवानों के साथ हैं या आतंकवादियों के साथ। उन्होंने हुर्रियत नेताओं का नाम लिये बगैर कहा कि पाकिस्तान से पैसे लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, उन्हें जेल में डाला जाएगा।
प्रधानमंत्री ने जनता का आह्वान किया, ‘‘मिलावटी लोग जब वोट मांगने आएं तो आप उनसे सवाल पूछें कि वे आतंकवाद के खिलाफ हैं या उसके साथ।’’


Download Android App
Download iOS App



