गाजियाबाद, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में रविवार रात पुलिस और एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश जमील उर्फ छोटू ढेर हो गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी जमील लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए स्वाट टीम व क्राइम ब्रांच लगातार प्रयास कर रही थीं। रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बंथला नहर के पास देखा गया है। जब पुलिस टीम ने उसे घेरकर रोकने की कोशिश की, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ट्रांस हिंडन के डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि 11 अप्रैल को गाजियाबाद के टीला मोड़ इलाके में एक लड़की के साथ दुष्कर्म और हत्या का मामला सामने आया। पुलिस ने तुरंत संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया और मामले की जांच की। पता चला कि लड़की के मामा जसीम उर्फ छोटू ने यह जुर्म किया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
स्वाट टीम और क्राइम ब्रांच लगातार उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस की एक टीम ने उसे बंथला नहर कट के पास आते देखा। पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वह नहीं रुका और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की, जिसमें जसीम उर्फ छोटू को गोली लग गई। उसे तुरंत इलाज के लिए पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसके दो और साथी भागने में कामयाब रहे।
हमारी टीम के दो कांस्टेबल भी घायल हुए और उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। कुछ उसके पास से अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए हैं। उसका पहले का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह मूल रूप से मुजफ्फरनगर इलाके का रहने वाला है। इस सराहनीय काम के लिए स्वाट टीम को 50 हजार रुपये का इनाम भी देने की घोषणा की गई है।
उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
–आईएएनएस
एसएके/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



