गाजियाबाद पासपोर्ट दफ्तर ने शुरू की मोबाइल वैन सेवा, चुटकियों में कराएं काम

Summary :

मोबाइल वैन से पासपोर्ट बनवाना अब और भी आसान

नोएडा में रहने वाले लोगों को पासपोर्ट बनवाने में कोई कठिनाई नहीं होगी। गाजियाबाद क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने एक मोबाइल पासपोर्ट वैन की शुरुआत की है, जो जरूरतमंद स्थानों पर जाकर नागरिकों को पासपोर्ट सेवा प्रदान करेगी। अभी तक 11 जिलों के लिए सिर्फ गाजियाबाद में ही पासपोर्ट ऑफिस है, जहां पर 11 जिलों के लोग जाकर अपना पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया को पूरा करते हैं। अक्सर यह देखा जाता है कि अगर इस दौरान कोई त्रुटि होती है या कोई गलती होती है तो उसे ठीक करवाने के लिए लोगों को पासपोर्ट दफ्तर के कई चक्कर लगाने पड़ते हैं। गाजियाबाद पासपोर्ट दफ्तर की तरफ से भेजी गई यह मोबाइल वैन फिलहाल इंडियन कोस्ट गार्ड के सेक्टर 24 स्थित कैंपस में खड़ी की गई है, जहां इंडियन कोस्ट गार्ड के कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के लिए पासपोर्ट बनाए जा रहे हैं।

यह सेवा 18 से 20 फरवरी तक उपलब्ध रहेगी। इस दौरान कैंपस में रहने वाले लोग और उनके परिजन पासपोर्ट संबंधित सभी कार्य करवा सकेंगे। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप ने बताया, “हमने अब तक 60 आवेदकों के आवेदन प्राप्त कर लिए हैं और उम्मीद है कि अगले दो दिनों में यह संख्या और बढ़ेगी।” उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता के अनुसार, इस वैन को अन्य सरकारी संस्थानों, स्कूलों और कॉलेजों में भेजा जाएगा। जहां से रिक्वायरमेंट आ रही है, वहां पासपोर्ट मोबाइल वैन लगाई जाएगी। चाहे वह कोई सरकारी संस्थान हो, स्कूल हो या कॉलेज। इसके अलावा, नोएडा में सेक्टर 19 में बने पोस्ट ऑफिस में भी पासपोर्ट सेवा केंद्र उपलब्ध है, जहां लोग जाकर अपना पासपोर्ट बनवा सकते हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.