केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने सोमवार को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के कमांडो को संबोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार हर तरह की आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों से दृढ़ता से निपटेगी। गृह राज्य मंत्री रेड्डी मानेसर स्थित एनएसजी के मुख्यालय पहुंचे और वहां बल के पहले पर्वतारोही दल का स्वागत किया जो हाल ही में माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई करके लौटा है। उन्होंने बल की तैयारियों का भी जायजा लिया। एनएसजी कमांडो को ‘ब्लैक कैट्स’ के नाम से भी जाना जाता है।
मंत्री ने केंद्र सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि सभी तरह की आंतरिक सुरक्षा समस्याओं से दृढ़ता से निपटा जाएगा। बल की ओर से जारी एक बयान के अनुसार रेड्डी ने कहा कि मोदी सरकार जवानों को सभी तरह के गैजट्स, अत्याधुनिक हथियार मुहैया कराने के साथ ही एनएसजी के कल्याण के मुद्दों का भी समाधान करेगी। तेलंगाना के सिकंदराबाद से सांसद रेड्डी ने 1984 में आपदा, आतंकवाद रोधी और अपहरण रोधी क्रैक कमांडो इकाई के तौर पर स्थापित किये गए इस बल के कामकाज की भी समीक्षा की।
बयान के मुताबिक, एनएसजी के महानिदेशक सुदीप लखटकिया ने मंत्री को वहां की चीजों से अवगत कराया और आश्वस्त किया कि बल अपने ध्येय वाक्य “शून्य गलती” के साथ त्वरित कार्रवाई करने में सक्षम है। रेड्डी ने 11 पर्वतारोहियों के दल से मुलाकात ही जिसने इस साल मई में दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर फतह हासिल की थी।


Download Android App
Download iOS App



