गुजरात: वलसाड-दाहोद ट्रेन को PM मोदी ने दिखाई हरी झंडी

Summary :

दाहोद लोको शॉप राष्ट्र को समर्पित, रेल प्रगति की उम्मीद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात दौरे पर वलसाड-दाहोद ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रेल परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर दाहोद लोको मैन्युफैक्चरिंग शॉप को राष्ट्र के नाम समर्पित किया गया। वलसाड रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने रेलवे के विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।

दो दिवसीय गुजरात दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कई रेल परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वलसाड-दाहोद ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। साथ ही दाहोद स्थित लोको मैन्युफैक्चरिंग शॉप राष्ट्र को समर्पित की। वलसाड रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना मौजूद रहे। उन्होंने रेलवे विभाग के विकास कार्यों और चल रहे प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेलवे विभाग को विपक्ष शासित राज्यों में भी विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए हैं। रेलवे के नए प्रोडक्शन यूनिट और स्लीपर वंदे भारत ट्रेन पर भी काम चल रहा है। जल्द ही रेलवे के क्षेत्र में प्रगति देखने को मिलेगी। वलसाड रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, लोकसभा के मुख्य सचेतक और वलसाड-डांग के सांसद धवल पटेल, भाजपा के विधायक समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

PM मोदी का दो दिवसीय गुजरात दौरा, दाहोद में 24,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की दी सौगात

उल्लेखनीय है कि दाहोद से बड़ी संख्या में लोग रोजगार की तलाश में वलसाड, वापी और आसपास के क्षेत्रों में बस चुके हैं। अब तक इन लोगों को अपने गृह नगर जाने के लिए बस या अन्य निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता था, जिनमें अक्सर जगह नहीं मिलती थी और आरक्षण भी संभव नहीं हो पाता था। हालांकि, अब वलसाड-दाहोद ट्रेन की शुरुआत से रोजगार के सिलसिले में यात्रा करने वाले हजारों लोगों को फायदा मिलेगा। इसके साथ ही वलसाड और दाहोद के बीच के रेलवे स्टेशनों पर आवागमन करने वाले अन्य यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

बता दें कि 27 मई की सुबह 10:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी गांधीनगर में दो किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे, जहां 30,000 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। रोड शो के बाद वह महात्मा मंदिर में 5,536 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1,006 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 22,055 घरों का उद्घाटन भी करेंगे और साबरमती रिवरफ्रंट के तीसरे चरण की आधारशिला रखेंगे, जिसे 1,000 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.