PM मोदी का दो दिवसीय गुजरात दौरा, दाहोद में 24,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की दी सौगात

Summary :

गुजरात में पीएम मोदी ने दी 24,000 करोड़ की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात दौरे के दौरान दाहोद में 24,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने वडोदरा में भव्य रोड शो में हिस्सा लिया, जहां स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय छात्रों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी ने वंदे भारत एक्सप्रेस और अन्य ट्रेन सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई।

PM Modi in Gujarat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद दो दिनों के लिए गुजरात के दौरे पर पहुंचे हैं. इस दौरान उन्होंने राज्य में कई अहम विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. अपने दौरे की शुरुआत पीएम मोदी ने वडोदरा से की, जहां उन्होंने एक भव्य रोड शो में हिस्सा लिया. इस रोड शो में स्थानीय लोगों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय छात्र भी शामिल हुए और उन्होंने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया.प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए वडोदरा की जनता का आभार जताया. उन्होंने कहा कि लोगों का उत्साह और समर्थन उन्हें निरंतर प्रेरणा देता है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान पीएम मोदी ने दाहोद में करीब 24,000 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. इसके साथ ही उन्होंने वेरावल और अहमदाबाद के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस और वलसाड और दाहोद स्टेशनों के बीच एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई.

‘करोड़ों भारतीयों ने मुझे आशीर्वाद दिया’

इस दौरान एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए, पीएम मोदी ने कहा, “आज 26 मई है. 2014 में इसी तारीख को, मैंने पहली बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी. सबसे पहले, गुजरात के लोगों ने मुझे आशीर्वाद दिया, फिर करोड़ों भारतीयों ने मुझे आशीर्वाद दिया.’

गुजरात में PM मोदी ने दाहोद में लोकोमोटिव संयंत्र का किया उद्घाटन

‘भारत विनिर्माण की दुनिया में आगे बढ़ रहा है’

पीएम मोदी ने आगे कहा, “हाल के वर्षों में, देश ने ऐसे निर्णय लिए जो अकल्पनीय और अभूतपूर्व थे. देश ने दशकों पुरानी बेड़ियां तोड़ दीं. 140 करोड़ भारतीय हमारे देश को विकसित भारत बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं. यह समय की मांग है कि भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए आवश्यक हर चीज देश के अंदर बनाई जाए. भारत विनिर्माण की दुनिया में आगे बढ़ रहा है.’

‘लोकोमोटिव फैक्ट्री का हुआ उद्घाटन’

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, ‘कुछ समय पहले ही दाहोद की इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव फैक्ट्री का उद्घाटन हुआ है. तीन साल पहले मैं यहां शिलान्यास के लिए आया था. लोग कहते थे कि चुनाव के लिए शिलान्यास किया गया था, कहते थे कि कुछ नहीं बनेगा. आज हम देख रहे हैं कि यहां पहला इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव बन चुका है, जिसका कुछ समय पहले ही हरी झंडी दिखाई गई है.’

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।