कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और पाटीदार नेता हार्दिक पटेल के एक होटल में मिलने की खबरों पर अब भी सस्पेंस बरकरार है। एक ओर जहां मीडिया में होटल की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर खबरें चल रही हैं कि दोनों नेताओं के बीच मुलाकात हुई है तो वहीं हार्दिक पटेल ने मीडिया के सामने राहुल के साथ किसी भी तरह की मुलाकात से इनकार किया है। हार्दिक पटेल ने कहा है कि अगर उन्हें राहुल गांधी से मिलना होगा तो वे सबके सामने मिलेंगे। हार्दिक पटेल ने कहा, ‘अगर मैं राहुल से मिला होता, तो मैं सबके सामने मिला होता। जिससे मुझे और गति मिलती। मैं राहुल से छुपके क्यों मिलूंगा?’ इससे पहले सोमवार सुबह से ही खबरें आनी शुरू हो गईं थीं की राहुल गांधीनगर रैली से पहले हार्दिक पटेल से मुलाकात करेंगे।
यहां तक कई टीवी चैनल्स पर हार्दिक पटेल की फुटेज भी सामने आई थी जिसमे देखा जा सकता है कि अहमदाबाद में हार्दिक एक होटल में जा रहे हैं, जिसके बाद होटल के एक कमरे में राहुल व हार्दिक के बीच मुलाकात हुई। दोनों के बीच गुपचुप तरीके से गुजरात चुनाव को लेकर मुलाकात हुई थी। गौरतलब है कि हार्दिक उसी होटल में गए थे जहां राहुल गांधी रुके हुए थे।
सूत्रों की मानें तो राहुल और हार्दिक के बीच मुलाकात में निखिल सवानी, भारतसिन सोलंकी और अशोक गहलोत भी मौजूद थे। वहीं सीसीटीवी फुटेज के बारे में हार्दिक का कहना है कि उन्होंने पाटीदारों के मुद्दों पर अशोक गहलोत व गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की थी, मैंने राहुल गांधी से मुलाकात नहीं की थी। माना जा रहा है कि जिस तरह से गुजरात में राजनीतिक घटनाक्रम बदल रहे हैं उसके बीच हार्दिक पटेल कांग्रेस को अपना समर्थन दे सकते हैं। ऐसे में अगर यह होता है तो इससे ना सिर्फ कांग्रेस को मजबूती मिलेगी बल्कि भाजपा को बड़ा झटका लगेगा।


Download Android App
Download iOS App



