देश के कई राज्यों में हो रही भारी बारिश और तेज आंधी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। गुजरात, महाराष्ट्र और असम सहित देश के कई राज्यों में बाढ़ आ गई है। बाढ़ के चलते कहीं लोगों के घर उजड़ गए तो कहीं सड़कें पानी में डूब गई हैं। शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या हो गई है।
इससे जगह-जगह ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। मुंबई में हो रही लगातार बारिश से सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है। जिसकी वजह से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गुजरात में लगातार बारिश से कई हिस्सों में बुरा हाल है। सौराष्ट्र में सड़कें पानी में डूब गई हैं।
घरों में भी पानी घुस गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुजरात के गीर सोमनाथ के मशहूर माधवराय मंदिर में 10 फीट तक पानी भर गया है। राजस्थान भी बाढ़ से बेहाल है। प्रतापगढ़ जिले में लोग जान जोखिम में डालकर पानी को पार करते दिख रहे हैं।
कुछ दिन पहले बांसवाड़ा के एसडीएम की मौत भी बाढ़ के पानी में बहकर हो चुकी है। मुंबई और गुजरात के अलावा पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल में भी बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ है, उत्तराखंड में तो अगले तीन दिनों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।


Download Android App
Download iOS App






