मुंबई, 15 नवंबर (आईएएनएस)। छठ पूजा को लेकर मुंबई में शुरू हुई सियासी बयानबाजी अब तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य की टिप्पणी पर शिवसेना (यूबीटी) नेता किशोरी पेडनेकर ने पलटवार किया है। उन्होंने साफ कहा कि शिवसेना (यूबीटी) ने कभी छठ पूजा का विरोध नहीं किया है। विरोध सिर्फ उस राजनीति का है, जो छठ पूजा के नाम पर की जा रही है।
किशोरी पेडनेकर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “2017 में वार्ड 199 में, जिसका प्रतिनिधित्व मैं करती थी, बिहार और उत्तर प्रदेश के 900 से ज्यादा परिवार रहते थे। ऐसा सिर्फ इस साल नहीं हो रहा है। उस समय भी, हमारे धोबी घाट पर, कपड़े धोने के लिए बने तालाबों के पास ही वे पूजा करते थे। वहीं, वे लाइटें लगाते थे, संगीत बजाते थे, दीये जलाते थे और पूजा-पाठ करते थे।”
उन्होंने कहा कि छठ पूजा मुंबई में वर्षों से होती आ रही है, लेकिन इस बार इसमें राजनीतिक रंग जोड़ दिया गया है। उनकी आपत्ति और विरोध उसी राजनीति को लेकर है, जो छठ पूजा के नाम पर की जा रही है।
उन्होंने कहा, “हमने कभी भी छठ पूजा का विरोध नहीं किया है। छठ पूजा को लेकर जो राजनीति की जा रही है, उसका विरोध है। इसका निर्णय कोर्ट ने लिया है कि समुद्र के किनारे यह पूजा नहीं होनी चाहिए। हमने बता दिया कि चार दिन पहले जैसे गणपति का विसर्जन होता है, उसी तरह छठ पूजा के लिए प्वाइंट बना दिया जाए। पानी के किनारे पूजा करनी चाहिए। बिहार में तालाब बहुत हैं।”
रोहिणी आचार्य पर तीखा हमला बोलते हुए पेडनेकर ने कहा, “लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य को उद्धव और राज ठाकरे से बात करनी है तो मुंबई में आकर बात करें। हमने छठ पूजा का कभी विरोध नहीं किया, लेकिन इसको लेकर जो राजनीति हो रही है, हम उसके बारे में बात कर रहे हैं।”
अपने रुख को और स्पष्ट करते हुए शिवसेना (यूबीटी) नेता ने कहा, “हम हिंदू त्योहारों के बिल्कुल भी खिलाफ नहीं हैं और न ही हम ईसाइयों या मुसलमानों के अन्य त्योहारों के खिलाफ हैं। हमारे बाला साहेब ठाकरे ने हमें सिखाया है कि जो कोई भी हमारे देश का सम्मान करता है, हमारे महाराष्ट्र का सम्मान करता है और हमारी मुंबई की परंपराओं का सम्मान करता है, हम उनके खिलाफ नहीं हैं।”
–आईएएनएस
एससीएच/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App


