नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। संगतराशन इलाके में कशेरूवालान स्थित प्रॉपर्टी नंबर 3992-3993 पर सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने निर्माणाधीन होटल की इमारत का एक हिस्सा ढह गया, जिससे 8 लोग घायल हो गए। यह घटना तब हुई, जब दूसरी मंजिल की छत यानी लिंटर डाली जा रही थी।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, रविवार को थाना पहाड़गंज को एक पीसीआर कॉल मिली। इसमें बताया गया कि दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने, प्रॉपर्टी नंबर 3992-3993, कशेरूवालान, संगतराशन में एक इमारत का कुछ हिस्सा गिर गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद दमकल की तीन गाड़ियां भी मौके पर भेजी गईं। राहत और बचाव कार्य के दौरान मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि इमारत में एक होटल बनाने का काम चल रहा था। घटना के समय दूसरी मंजिल की छत डाली जा रही थी, तभी इमारत का एक हिस्सा ढह गया। शुरुआती जांच में पता चला कि इमारत के सपोर्टिंग कॉलम गीले थे और इमारत एक तरफ झुकी हुई लग रही थी।
इस घटना में कुल आठ लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया है। घायलों की पहचान शेख सद्दाम (37), शेख राजा (20), मो. सुहेल (50), संजुद खान (40), गौतम यादव (28), वरुण यादव (36), राजा (36) और मंटसु (40) के रूप में हुई है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, कुछ घायलों को फ्रैक्चर हुआ है, जबकि कुछ को मामूली चोटें आई हैं। डॉक्टरों द्वारा उनकी विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और इमारत के ढहने के कारणों की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं और इमारत का निर्माण नियमानुसार हो रहा था या नहीं।
–आईएएनएस
एससीएच/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



