ग्रेटर नोएडा, 13 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को सफल बनाने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से गुरुवार को तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित इस रैली में पुलिसकर्मियों ने हाथों में तिरंगा लेकर नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया। रैली का उद्देश्य आम लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना और स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह बढ़ाना रहा।
13 अगस्त को आयोजित इस तिरंगा बाइक रैली का शुभारंभ अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन्स, सूरजपुर से किया। इसके बाद रैली निर्धारित मार्ग से होते हुए शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों से गुजरी। तिरंगा लहराते हुए पुलिसकर्मियों का काफिला रिजर्व पुलिस लाइन्स से रवाना होकर सूरजपुर घंटा चौक, एलजी चौक होते हुए परी चौक पहुंचा। परी चौक से रैली वापस रिजर्व पुलिस लाइन्स, सूरजपुर पहुंची, जहां इसका सफलतापूर्वक समापन किया गया।
रैली में गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट के विभिन्न थानों से पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कुल 90 दो-पहिया वाहनों पर 180 पुलिसकर्मी सवार रहे। इनमें 90 महिला और 90 पुरुष पुलिसकर्मी शामिल थे। सभी पुलिसकर्मियों ने तिरंगा अपने साथ लेकर पूरे मार्ग में देशभक्ति का संदेश दिया। रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने नागरिकों से अपील की कि वे भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ें और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना प्रकट करें।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस आयोजन का उद्देश्य केवल तिरंगा यात्रा निकालना नहीं, बल्कि पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर संवाद और सौहार्दपूर्ण संबंधों को मजबूत करना भी है। रैली के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रध्वज के महत्व, उसके सम्मान और देश की एकता एवं अखंडता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। शहर की सड़कों से गुजरती तिरंगा बाइक रैली ने लोगों का ध्यान भी आकर्षित किया और लोगों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह देखने को मिला।
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से कहा गया कि पुलिस जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए लगातार तत्पर है। पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक और राष्ट्रीय अभियानों में भी सक्रिय सहभागिता की जा रही है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित यह रैली पुलिस और जनता के बीच सहभागिता का संदेश देने वाली रही। कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपायुक्त लाइन्स डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन्स आरके गौतम, एसीपी-3 सेंट्रल नोएडा राजीव कुमार गुप्ता समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने रैली में शामिल पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया और अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन का कहना है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता और नागरिकों की सामूहिक भागीदारी का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से लोगों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया जा रहा है।
–आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



