Gurugram ₹271 Crore Penthouse: हरियाणा के गुरुग्राम में रियल एस्टेट की एक बड़ी डील चारों और चर्चा में है। दरअसल बिजनेसमैन मानव सरदाना ने DLF के लग्जरी प्रोजेक्ट The Dahlias में करीब 271 करोड़ रुपये का पेंटहाउस खरीदा है। यह डील इसलिए खास है क्योंकि इतनी बड़ी कीमत में एक सिंगल होम प्रॉपर्टी की खरीद देश के लग्जरी रियल एस्टेट मार्किट की तस्वीर बदलते ट्रेंड की ओर इशारा करती है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मानव सरदाना का यह पेंटहाउस लगभग 17,200 वर्ग फीट के सुपर एरिया में फैला है। इसका कारपेट एरिया लगभग 10,500 वर्ग फीट बताया गया है। 271 करोड़ रुपये की कुल कीमत के हिसाब से सुपर एरिया पर प्रति वर्ग फीट कीमत करीब 1.58 लाख रुपये बैठती है। वहीं कारपेट एरिया के हिसाब से यह आंकड़ा करीब 2.6 लाख रुपये प्रति वर्ग फीट तक पहुंच जाता है। यानी यह सिर्फ एक महंगा घर नहीं, बल्कि गुरुग्राम के प्रीमियम रियल एस्टेट बाजार में कीमतों के नए स्तर को दिखाने वाली डील भी है।
अमीर खरीदारों की पसंद बन रहा गुरुग्राम?
गुरुग्राम लंबे समय से दिल्ली-NCR के सबसे बड़े कॉरपोरेट और बिजनेस हब में शामिल है। गोल्फ कोर्स रोड, DLF Phase 5 और आसपास के इलाकों में बड़े लग्जरी प्रोजेक्ट तेजी से विकसित हुए हैं। इन इलाकों में हाई-एंड अपार्टमेंट, बड़े पेंटहाउस और प्रीमियम सुविधाओं वाले घरों की मांग लगातार बाढ़ रही है। बिजनेसमैन और बड़े इन्वेस्टर ऐसे घरों को सिर्फ रहने की जगह के तौर पर नहीं देखते, बल्कि उन्हें प्रीमियम एसेट के रूप में भी देख रहे हैं।
बता दें कि मानव सरदाना दिल्ली-NCR के पुराने बिजनेसमैन परिवार से आते हैं। उनका परिवार खास तौर पर Imperial Auto Industries से जुड़ा रहा है। कंपनी की शुरुआत 1969 में उनके पिता एसबी सरदाना और जगजीत सिंह ने मिलकर की थी। Imperial Auto Industries ऑटोमोबाइल और ऑफ-हाईवे इंडस्ट्री के लिए फ्लूइड ट्रांसमिशन से जुड़े प्रोडक्ट बनाती है। मानव सरदाना भी इस बिजनेस ग्रुप से जुड़े रहे हैं। बाद में ग्लोबल प्राइवेट इक्विटी फर्म Warburg Pincus ने कंपनी में नियंत्रण हासिल किया। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, सरदाना Imperial Auto Group से जुड़ी कई कंपनियों में डायरेक्टर हैं।
The Dahlias में क्या खास है?
DLF ने अक्टूबर 2024 में The Dahlias को लॉन्च किया था। गुरुग्राम के DLF Phase 5 में करीब 17 एकड़ में फैले इस प्रोजेक्ट में लगभग 420 अपार्टमेंट और पेंटहाउस हैं। यहां प्रॉपर्टी की कीमत आम लग्जरी घरों की मुकाबले में काफी ज्यादा है। प्रोजेक्ट में अपार्टमेंट की कीमत करीब 100 करोड़ से 170 करोड़ रुपये तक बताई गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, DLF को इस प्रोजेक्ट से 40,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की बिक्री की उम्मीद है और 65 % से अधिक यूनिट्स बिक चुकी हैं।
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर DLF का The Camellias भी बेहद महंगे रिहायशी प्रोजेक्ट के तौर पर अपनी पहचान बना चुका है। इसने इस इलाके को देश के प्रमुख अल्ट्रा-लग्जरी रिहायशी बाजारों में जगह दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। The Dahlias की 271 करोड़ रुपये की यह डील बताती है कि गुरुग्राम में अल्ट्रा-लक्जरी घरों की मांग अब सिर्फ कुछ करोड़ रुपये तक सीमित नहीं है। यहां 100 करोड़, 200 करोड़ और उससे ज्यादा कीमत वाली प्रॉपर्टी के लिए भी खरीदार मौजूद हैं।



Download Android App
Download iOS App




