Who is Manav Sardana: कौन हैं मानव सरदाना? गुरुग्राम में ₹271 करोड़ का पेंटहाउस खरीदकर रचा इतिहास, जानें इस कारोबारी की पूरी स्टोरी

Summary :

Who is Manav Sardana: गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड स्थित DLF के द डहलियास प्रोजेक्ट में कारोबारी मानव सरदाना ने 271 करोड़ रुपये में पेंटहाउस खरीदा है। 17,200 वर्ग फुट के इस घर की डील भारत में किसी एक रिहायशी यूनिट की सबसे महंगी खरीद बताई जा रही है। सरदाना इंपीरियल ऑटो इंडस्ट्रीज से जुड़े हैं।

Who is Manav Sardana: हरियाणा के शहर  गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड पर इन दिनों एक पेंटहाउस की डील बेहद चर्चा में बनी हुई है। जिसकी कीमत सुनकर रियल एस्टेट बाजार में हलचल पैदा हो गई है। दरअसल, DLF के सुपर लग्जरी प्रोजेक्ट द डहलियास में एक पेंटहाउस करीब 271 करोड़ रुपये में खरीदा गया है। यह डील भारत में किसी एक रिहायशी यूनिट की सबसे महंगी खरीद के तौर पर सामने आई है। जिस पेंटहाउस की खरीद हुई है, वह नॉर्मल लग्जरी फ्लैट से कई गुना बड़ा है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इसका सुपर एरिया करीब 17,200 वर्ग फुट और कारपेट एरिया लगभग 10,500 वर्ग फुट है। 271 करोड़ रुपये की कुल कीमत को देखें तो सुपर एरिया के हिसाब से इसकी कीमत करीब 1.58 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट पड़ती है। वहीं कारपेट एरिया के हिसाब से यह आंकड़ा लगभग 2.6 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट तक पहुंच जाता है। यानी खरीदार ने सिर्फ एक घर नहीं खरीदा, बल्कि गुरुग्राम के सबसे प्रीमियम रियल एस्टेट बाजार में एक खास तरह की लाइफस्टाइल के लिए बड़ी रकम लगाई है।

कौन है खरीदार ?

इस रिकॉर्ड डील के खरीदार मानव सरदाना हैं। वह उन कारोबारियों में शामिल हैं जो आमतौर पर मीडिया की सुर्खियों से दूर रहते हैं। सरदाना का रिलेशन  इंपीरियल ऑटो इंडस्ट्रीज से है। यह कंपनी ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए कई अहम कंपोनेंट तैयार करती है। इसके प्रोडक्टस  में रबर होज, मेटल और नायलॉन ट्यूब, होज असेंबली और ब्रेक व फ्यूल इंजेक्शन से जुड़े प्रोडक्ट  शामिल हैं।

बता दें कि इंपीरियल ऑटो इंडस्ट्रीज की शुरुआत 1969 में फरीदाबाद से हुई थी। 5 दशक से ज्यादा  समय में कंपनी ने अपने कारोबार का काफी विस्तार किया है। आज कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग मौजूदगी भारत के अलावा जर्मनी और अमेरिका में भी है। रिपोर्ट्स के अनुसार,  इसके 20 से ज्यादा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं। कंपनी के पास हजारों ऑटो कंपोनेंट्स की बड़ी रेंज है और यह कई प्रमुख गाड़ी  निर्माताओं के लिए सप्लाई करती है।

271 करोड़ की डील के पीछे क्या है कनेक्शन?

मीडिया रिपोर्ट्स में 2022 तक इंपीरियल ग्रुप का रेवेन्यू करीब 2,200 करोड़ रुपये बताया गया था। कंपनी अब पारंपरिक ऑटो पार्ट्स के साथ इलेक्ट्रिक व्हीकल से जुड़े कारोबार में भी अपना हाथ आजमा रही है।  EV सेक्टर में बैटरी कूलिंग और थर्मल मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों पर कंपनी का फोकस बढ़ रहा है। इससे कारोबार को फ्यूचर  की ऑटोमोबाइल टेक्नॉलजी  के हिसाब से तैयार करने की कोशिश दिखाई देती है। इस स्टोरी  का सबसे दिलचस्प हिस्सा सिर्फ पेंटहाउस की कीमत नहीं, बल्कि सरदाना परिवार के कारोबार से जुड़ी एक बड़ी डील है।

बता दें कि मार्च 2022 में वारबर्ग पिंकस ने इंपीरियल ऑटो इंडस्ट्रीज में दो स्टेप्स  में करीब 70 % कंट्रोलिंग हिस्सेदारी हासिल की थी। इस डील  से सरदाना परिवार को अपने लंबे समय से चले आ रहे कारोबार की बड़ी हिस्सेदारी बेचने के बदले substantial capital मिला। यही वजह है कि 271 करोड़ रुपये की इस प्रॉपर्टी खरीद को सिर्फ एक महंगा घर खरीदने के तौर पर नहीं देखा जा रहा। यह एक ऐसे कारोबारी परिवार की कहानी भी है, जिसने दशकों पुराने मैन्युफैक्चरिंग कारोबार से बनी संपत्ति के बाद लग्जरी रियल एस्टेट में बड़ा निवेश किया।

पहले 120.7 करोड़ का था रिकॉर्ड

बता दें, कि इससे पहले भी द डहलियास में पहले भी बड़ी कीमत की प्रॉपर्टी डील हो चुकी है। इन्वेस्टर मधुसूदन केला ने इसी प्रोजेक्ट में करीब 120.7 करोड़ रुपये में एक यूनिट खरीदी थी। अब मानव सरदाना की 271 करोड़ रुपये की खरीद ने उस आंकड़े को काफी पीछे छोड़ दिया है। यह डिफरेंस  बताता है कि देश के टॉप लग्जरी होम मार्केट में प्रीमियम प्रॉपर्टी के लिए अल्ट्रा-रिच खरीदार कितनी बड़ी रकम खर्च करने को तैयार हैं।

गोल्फ कोर्स रोड और उसके आसपास का इलाका पिछले कुछ सालों में गुरुग्राम के सबसे महंगे रियल एस्टेट क्षेत्रों में शामिल हुआ है। बड़े कॉर्पोरेट हब, बेस्ट  कनेक्टिविटी, हाई-एंड प्रोजेक्ट्स और सीमित संख्या में अल्ट्रा-लग्जरी घरों की वजह से यहां प्रीमियम प्रॉपर्टी की मांग बनी हुई है।

यह भी पढ़ें: Cars24 पर लगा ₹50,000 का जुर्माना, गुरुग्राम में पानी भरी सड़कों पर उतारी थी नाव!

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।