बसपा में मचा घमासान! आकाश आनंद के ससुर के बाद एक और बड़े नेता को मायावती ने निकाला

Summary :

उत्तर प्रदेश की राजनीति में बहुजन समाज पार्टी के भीतर घमासान तेज हो गया है। मायावती ने आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ के बाद एक और बड़े नेता पर कार्रवाई की है। इस फैसले से 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बसपा की अंदरूनी राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

उत्तर प्रदेश में अगले साल यानी साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में संगठन को लेकर मायावती काफी एक्टिव हो गई है। वो लगातार एक के बाद एक बड़े फैसले ले रही हैं। अब BSP ने एक बड़ा फैसला लेते हुए अपनी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। मायावती ने उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का बड़ा आरोप लगाते हुए यह कार्रवाई की है। इससे पहले मायावती ने आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ सहित कुछ अन्य नेताओं पर भी बड़ी कार्रवाई की है।

मायावती ने एक्स पर दी जानकारी

बसपा चीफ मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया। इसके जरिए उन्होंने इस खबर की जानकारी दी है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “उत्तर प्रदेश में बी.एस.पी. सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे श्री अनन्त कुमार मिश्रा उर्फ अन्टू मिश्रा को उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों आदि के फलस्वरूप आज तत्काल प्रभाव से उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। वैसे भी अब जबकि ख़ासकर उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल काफी गरमाया हुआ है, पार्टी के सभी स्तर के लोगों को विरोधियों के सभी प्रकार के साम, दाम, दण्ड, भेद आदि हथकण्डों से सावधान रहते हुये अपनी पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ बी.एस.पी. के अम्बेडकरवादी मिशन को आगामी विधानसभा आमचुनाव में सफल बनाने में पूरे जी-जान से लगे रहना है, यही संदेश व अपील भी है।

पहले भी कई नेताओं पर कार्रवाई हो चुकी है

बता दें कि अनंत कुमार मिश्रा BSP सरकार में स्वास्थ्य मंत्री का पद संभाल चुके हैं। वह पार्टी के बेहद भरोसेमंद और दिग्गज नेताओं में से एक हैं। इतना ही नहीं वो नेता सतीश चंद्र मिश्रा के भांजे भी हैं। सियासी महकमें में यह दावा भी किया जा रहा है कि अंटू मिश्रा यूपी चुनाव से पहले किसी दूसरी पार्टी ज्वाइन कर सकते हैं। हालांकि इसको लेकर उनकी तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। याद हो कि इससे पहले मायावती ने 2 अगस्त को रणधीर सिंह बेनीवाल और अशोक सिद्धार्थ को भी बसपा से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। दोनों पर भी पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप लगे थे। मायावती की इस सख्त रवैये को यूपी आगामी चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। यह देखना बाकी है कि यूपी चुनावों में मायावती को इससे कितना फ़ायदा होता है।

Shivangi Shandilya

शिवांगी शांडिल्य पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद हैं। गलगोटिया विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। IGNOU से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई जारी है। इस दौर में वेबसाइट पर लिखने का कार्य जारी है। पत्रकारिता की शुरुआत इंडिया न्यूज़ (इनखबर) से हुई, जहां बत्तौर हिन्दी सब-एडिटर के रूप में वेबसाइट पर काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जन्म लेने वाली शिवांगी की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है। शिवांगी को राजनीतिक घटनाक्रम पर आलेख लिखना बेहद पसंद है।