स्टरलाइट मामले में प्रदर्शनकारियों की मांग पर गौर करेंगे : हर्षवर्धन 

Summary :

NULL

नयी दिल्ली : तमिलनाडु के तूतीकोरिन में स्टरलाइट कॉपर संयंत्र से पर्यावरण को उत्पन्न खतरे का विरोध कर रहे लोगों पर पुलिस गोलीबारी की घटना पर केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डा. हर्षवर्धन ने कहा है कि कॉपर संयंत्र बंद करने की प्रदर्शनकारियों की मांग पर गौर किया जायेगा। डा. हर्षवर्धन ने आज एक संवाददाता सम्मेलन में तूतीकोरिन गोलीकांड के बारे में पूछे जाने पर कहा ‘‘मैं आज ही कई दिन की विदेश यात्रा से वापस लौटा हूं। मीडिया रिपोर्टों के माध्यम से मुझे जितनी जानकारी मिली है उसके आधार पर मैं सिर्फ इतना ही कह सकता हूं कि प्रदर्शनकारियों की मांग पर गौर किया जायेगा।’’ हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि वह मामले के तथ्यों की पड़ताल करने के बाद ही कुछ कह सकेंगे।

डा. हर्षवर्धन ने इस मामले में केन्द्र सरकार द्वारा वेदांता कंपनी की स्टरलाइट कॉपर इकाई को मंजूरी देने के सवाल पर यह जरूर कहा कि यह सब पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में हुआ। उन्होंने कहा ‘‘हम निश्चित रूप से इस मामले में जो कुछ भी हुआ है उस पर तथ्यों की पड़ताल कर गौर करेंगे। हालांकि यह सब पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में हुआ लेकिन मैं इसे कोई मुद्दा नहीं बनाना चाहता हूं इसलिये मैं इस बारे में फिलहाल कुछ नहीं बोलूंगा।’’ उल्लेखनीय है कि वेदांता के कॉपर संयंत्र की वजह से पर्यावरण को हो रहे नुकसान का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों पर तमिलनाडु पुलिस की गोलीबारी में 13 लोगों की मौत हो गयी ।प्रदर्शनकारी संयत्र को बंद करने की मांग कर रहे हैं।

देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।

Desk Team