केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन और उनकी पत्नी ने मंगलवार को दिल्ली के ‘हार्ट एंड लंग इंस्टीट्यूट’ में कोविड-19 रोधी टीके की दूसरी खुराक ली। भारत में वरिष्ठ नागरिकों और पहले से किसी रोग से पीड़ित 45 से 59 साल से अधिक उम्र के लोगों के एक मार्च से कोविड-19 रोधी टीकाकरण की शुरुआत की गई थी।
उन्होंने कहा कि टीके की पहली खुराक लेने के बाद, हम दोनों में से किसी को भी कोई साइड इफेक्ट्स नहीं हुआ । दोनों भारतीय टीके सुरक्षित और प्रभावी हैं। बहुत सारे लोगों को अभी भी टीकों के बारे में संदेह है। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वॉट्सऐप यूनिवर्सिटी में वायरल हो रहे संदेशों का यकीन न करें।
हर्षवर्धन की पत्नी नूतन गोयल ने पहले टीका लगवाया। उन्हें कोवैक्सीन टीके की दूसरी खुराक दी गई। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने भी टीके की खुराक ली। उन्होंने दो मार्च को टीके की पहली खुराक ली थी। केंद्रीय मंत्री ने कोविड-19 रोधी टीके के पात्र सभी लोगों से टीका लगवाने की अपील की। उन्होंने लोगों से टीके को लेकर कोई भी संशय नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि कोवैक्सीन और कोविशील्ड दोनों ही टीके सुरक्षित हैं।
बता दें कि भारत में गत 24 घंटे में 56,211 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके साथ ही देश में कोविड-19 मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 1,20,95,855 पर पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों से यह जानकारी मिली। आंकड़ों के मुताबिक गत 24 घंटे में 271 और मरीजों की संक्रमण से मौत हुई है। इसी के साथ देश में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 1,62,114 हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



