Hemant Soren Floor Test : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तीसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के कुछ दिनों बाद यानी आज सोमवार को राज्य विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान बहुमत परीक्षण जीता। सोरेन ने अपने पक्ष में 45 विधायकों के वोटों के साथ विश्वास मत जीता। बता दें कि, सोरेन ने 4 जुलाई को रांची के राजभवन में झारखंड के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
Highlight :
- झारखंड सीएम हेमंत सोरेन फ्लोर टेस्ट में पास
- सोरेन ने अपने पक्ष में 45 विधायकों के वोटों के साथ विश्वास मत जीता
- 4 जुलाई को झारखंड के सीएम के रूप में ली थी सपथ
हेमंत सोरेन फ्लोर टेस्ट में पास
हेमंत सोरेन को कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद लगभग पांच महीने बाद 28 जून को बिरसा मुंडा जेल से रिहा किया गया था। 31 जनवरी को अपनी गिरफ्तारी से पहले उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्हें जनवरी में प्रवर्तन निदेशालय ने कथित भूमि घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित आरोपों में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद सीएम पद की कमान संभालने वाले चंपई सोरेन ने शपथ लेने के पांच महीने बाद ही पद से इस्तीफा दे दिया, जिससे बुधवार को हेमंत सोरेन के फिर से मुख्यमंत्री बनने की संभावना बन गई।
हेमंत सोरेन का आरोप
बता दें कि, चंपई सोरेन ने इसी साल 2 फरवरी को राजभवन में झारखंड के 12वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। इससे पहले हेमंत सोरेन ने एक वीडियो संदेश में भाजपा पर उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाया था। 2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में झारखंड की जनता ने हमारी पार्टी को जनादेश दिया था, लेकिन षड्यंत्रकारियों को यह बात हजम नहीं हुई कि एक आदिवासी युवा इतने ऊंचे पद पर कैसे बैठ सकता है। आखिरकार 31 जनवरी को उन्होंने मुझ पर झूठे आरोप लगाए और मुझे मुख्यमंत्री पद से हटा दिया, वीडियो संदेश में सोरेन ने कहा।
हम हमेशा जनता की आवाज बनेंगे- सोरेन
उन्होंने कहा, जनता के आशीर्वाद से ही मैं यहां आपके सामने बैठा हूं। हम हमेशा जनता की आवाज बनेंगे। आज झारखंड की जनता का जनमत फिर से उठेगा। कार्यभार संभालने से फिर से काम होगा। हेमंत सोरेन के सीएम के रूप में वापसी से झामुमो को मजबूती मिलेगी, जिसने लोकसभा चुनाव में आदिवासी बहुल झारखंड में तीन सीटें जीती थीं। 2019 में झामुमो ने कांग्रेस और लालू प्रसाद की राष्ट्रीय जनता दल के साथ गठबंधन में विधानसभा चुनाव लड़ा और 81 सदस्यीय सदन में सैंतालीस सीटों के साथ आरामदायक बहुमत हासिल किया।


Download Android App
Download iOS App




