वाराणसी, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। दुबई से इजरायल जा रही फ्लाइट एफजैड1073 में अपनी जान पर खेलकर 174 यात्रियों की जिंदगी बचाने वाले कैप्टन स्मित माच्छर के जल्द स्वास्थ्य लाभ के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर और सोमनाथ में विशेष पूजा और ‘महामृत्युंजय मंत्र जाप अनुष्ठान’ शुरू किया गया है ताकि वे जल्द से जल्द ठीक होकर अपने परिवार के बीच लौट सकें।
काशी विश्वनाथ मंदिर के पुजारी संजय कुमार पांडे ने आईएएनएस से बातचीत में कैप्टन स्मित माच्छर पर गर्व जताते हुए कहा कि उनके लंबे स्वास्थ्य के लिए हम सभी विशेष अनुष्ठान करवा रहे हैं।
उन्होंने कहा, “कैप्टन स्मित माच्छर के जल्द स्वस्थ होने के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष अनुष्ठान कराया जा रहा है। गंगाजल-कुशा मिश्रित जल से विशेष अभिषेक किया जा रहा है और उनके स्वस्थ होने की कामना के लिए महामृत्युंजय मंत्र का जाप हो रहा है। काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास और परिवार की ओर से ब्राह्मणों द्वारा यह अनुष्ठान कराया जा रहा है, ताकि वे जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। उन्होंने अपने कर्तव्य और निष्ठा का पालन करते हुए 174 यात्रियों की जान बचाई, यह निश्चित रूप से भारत के लिए गौरव का पल है।”
श्री सोमनाथ मंदिर में भी कैप्टन स्मित माच्छर के लंबे स्वास्थ की कामना के लिए महापूजा का आयोजन किया जा रहा है। श्री सोमनाथ मंदिर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर महापूजा का वीडियो पोस्ट किया, जिसमें सभी पुजारी कैप्टन स्मित माच्छर के अच्छे स्वास्थ के लिए मंत्रोच्चार करने के साथ ही महामृत्युंजय मंत्र का जाप और अनुष्ठान कर रहे हैं।
श्री सोमनाथ मंदिर ने अपने पोस्ट में लिखा, “देश के गौरव बहादुर पायलट कैप्टन स्मित माच्छर के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र के लिए श्री सोमनाथ में विशेष महापूजा की गई। कैप्टन माच्छर ने अदम्य साहस, सूझबूझ और कर्तव्य के प्रति बेमिसाल समर्पण दिखाते हुए 9/11 जैसी खतरनाक साजिश को नाकाम कर 174 यात्रियों की जान बचाई। कैप्टन स्मित के लिए श्री सोमनाथ महादेव की विशेष महापूजा की गई और लगातार ‘महामृत्युंजय मंत्र जाप अनुष्ठान’ शुरू किया गया है। भगवान शिव की विशेष कृपा से जल्द ही कैप्टन स्मित पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे। जय हिंद।”
–आईएएनएस
एनएस/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



