श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर दर्शकों को एंटरटेन करने के लिए तैयार है। दोनों की पॉपुलर हॉरर-कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘स्त्री’ के तीसरे पार्ट का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा है। पहले खबर थी कि ‘स्त्री 3’ साल 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी, लेकिन अब मेकर्स ने इसकी रिलीज को आगे बढ़ा दिया है। फिल्म को लेकर सामने आए ताजा अपडेट के मुताबिक, दर्शकों को अब ‘स्त्री 3’ के लिए 2028 तक इंतजार करना होगा। हालांकि, फिल्म की फाइनल रिलीज डेट अभी तय नहीं की गई है।
Stree 3 Release Date: 2028 में किस मौके पर रिलीज होगी ‘स्त्री 3’?
एक मीडिया हाउस की रिपोर्ट के मुताबिक, निर्माता दिनेश विजान ने FICCI Frames 2026 के दौरान ‘स्त्री 3’ की रिलीज को लेकर अहम जानकारी दी। इस प्रोग्राम में दिनेश विजान के साथ राजकुमार राव भी मौजूद थे। दोनों ने मैडॉक फिल्म्स के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स और अपनी क्रिएटिव पार्टनरशिप पर बातचीत की।
इसी दौरान दिनेश विजान ने बताया कि ‘स्त्री 3’ को 2028 में रिलीज करने की योजना है। फिल्म की रिलीज के लिए इंडिपेंडेंस डे या क्रिसमस का स्लॉट चुना जा सकता है। इससे पहले फिल्म की रिलीज 13 अगस्त 2027 बताई जा रही थी।
अमर कौशिक ने पूरी कर ली है स्क्रिप्ट
‘स्त्री 3’ के निर्देशन की जिम्मेदारी एक बार फिर अमर कौशिक संभालेंगे। फिल्म में श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव अपने पुराने किरदारों में वापसी करेंगे। दिनेश विजान के मुताबिक, अमर कौशिक फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी कर चुके हैं। हालांकि, उन्होंने कहानी से जुड़े ज्यादा राज खोलने से इनकार किया है। उन्होंने सिंग्नल दिया है कि फिल्म में पिछले दोनों हिस्सों की तरह एंटरटेंमेंट देखने को मिलेगा, लेकिन कहानी इस बार दर्शकों के लिए एक बिल्कुल नया एक्सपीरिएंस लेकर आएगी। दिनेश विजान ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि अगर उन्होंने कहानी के बारे में ज्यादा जानकारी शेयर कर दी, तो अमर कौशिक उनसे नाराज हो सकते हैं।
‘महावतार’ की शूटिंग कब शुरू होगी?

दिनेश विजान ने इसी इवेंट में अपनी एक और एम्बीशियस फिल्म ‘महावतार’ को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया है। इस फिल्म में विक्की कौशल भगवान परशुराम का रोल निभाते नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन भी अमर कौशिक ही कर रहे हैं, निर्माता के मुताबिक, ‘महावतार’ की शूटिंग जनवरी के आखिर में शुरू करने की तैयारी है। टीम का टारगेट जून तक फिल्म की शूटिंग पूरी करना है। इसके बाद अगले साल के आखिर में एक और प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया जाएगा, हालांकि उस फिल्म के नाम का खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है।
अब एक तरफ दर्शकों की नजर विक्की कौशल की ‘महावतार’ पर है, तो दूसरी ओर श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की ‘स्त्री 3’ को लेकर एक्साइटमेंट बनी हुई है। फिलहाल इतना तय है कि ‘स्त्री’ की अगली कहानी के लिए फैंस को पहले के मुकाबले थोड़ा ज्यादा इंतजार करना पड़ेगा।


Download Android App
Download iOS App




