Himachal: CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमेशा सनातन का विरोध किया: महंत रवींद्र पुरी

Summary :

Himachal सरकार के मंदिरों से पैसे मांगने पर महंत रवींद्र पुरी का विरोध

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर सनातन विरोध का आरोप लगाया है। आर्थिक संकट से जूझ रही हिमाचल सरकार ने अपने अधीन आने वाले मंदिरों के लिए फरमान जारी किया है कि वे सरकारी योजनाओं के लिए पैसे दें। सरकार के इस फरमान पर महंत रवींद्र पुरी ने कड़ा विरोध जताया है।

महंत रवींद्र पुरी ने समाचार एजेंसी से बातचीत के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने सनातन के पक्ष में कभी बात नहीं की, हमेशा विरोध किया। आज उन्हें मठ-मंदिर याद आ रहे हैं। वह बताएं कि उन्होंने सनातन के लिए कौन सा काम किया। सहयोग करना अलग विषय है, लेकिन सरकार ने सनातन के लिए कभी सहयोग नहीं किया है। मैं समझता हूं कि हम लोगों को बदले की भावना से काम नहीं करना चाहिए। जितने भी मठ-मंदिर हैं, उन्हें सरकार को सहयोग न करते हुए वहां जो श्रद्धालु हैं, पुजारी हैं, उनका सहयोग करना चाहिए।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा दुर्गा पूजा की छुट्टी की ईद की छुट्टी से तुलना करने पर उन्होंने कहा कि उनके मन में जब भी आता है, सनातन के खिलाफ बयानबाजी करती हैं। मैं चाहूंगा कि उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। लेकिन, उनकी राजनीति ही मुस्लिम वोटर से है। बंगाल में हमारे हिन्दुओं और सनातनियों पर जुल्म होता है। दुर्गा पूजा के दौरान जितने भी दुर्गा पंडाल होते हैं, वहां ममता बनर्जी की पार्टी के लोग आते हैं और हिन्दुओं को मारते हैं।

मैं समझता हूं कि उनकी राजनीति का अंत होने वाला है। वह लगातार सनातन का अपमान कर रही हैं। जिस तरह से कंस और रावण ने सनातन का अपमान किया, तो उनका अंत निश्चित ही हुआ। ममता बनर्जी भी लगातार सनातन को लेकर बयानबाजी कर रही हैं, उनका भी अंत तय है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.