मुंबई, 15 नवंबर (आईएएनएस)। आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत एक युवक को गिरफ्तार किया है। उस पर मुंबई की संवेदनशील जगहों की रेकी करने का आरोप है, जिसमें कोलाबा स्थित ‘चाबाद हाउस’ भी शामिल है। इस संबंध में अधिकारियों ने रविवार को जानकारी दी।
चाबाद हाउस को ‘नरीमन हाउस’ के नाम से भी जाना जाता है। यह 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के दौरान मुख्य निशानों में से एक था।
आरोपी की पहचान यश सिंह (20) के रूप में हुई है। आरोप है कि वह मुंबई की सबसे संवेदनशील जगहों में से एक कोलाबा स्थित चाबाद हाउस और यहूदी नागरिकों से जुड़े व्यवसायों व प्रतिष्ठानों की रेकी कर रहा था। वह सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए लोगों को इन जगहों की तस्वीरें और लोकेशन की जानकारी भेज रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक, यह युवक सोशल मीडिया के जरिए अंतरराष्ट्रीय अपराधियों और देश-विरोधी तत्वों के जाल में फंस गया था।
एटीएस नवी मुंबई यूनिट को गुप्त सूचना मिली थी कि ऐरोली इलाके का रहने वाला आरोपी सोशल मीडिया के जरिए देशविरोधी तत्वों के संपर्क में है। कड़ी पूछताछ के दौरान पता चला कि देशविरोधी तत्वों और माफिया से जुड़े सोशल मीडिया हैंडल्स ने उसे मुंबई की संवेदनशील और महत्वपूर्ण जगहों की तस्वीरें और जानकारी जुटाने का काम सौंपा था। इसमें कोलाबा स्थित चाबाद हाउस, यहूदी नागरिकों की कंपनियां, विदेशी या यहूदी नागरिक, उनकी गाड़ियां और आसपास की जगहें शामिल थीं।
आरोप है कि इस जानकारी के बदले उसे समय-समय पर पैसे भी मिलते थे। जांच में यह भी सामने आया कि यश सिंह टेलीग्राम के जरिए सीधे तौर पर देशविरोधी तत्वों के संपर्क में था। इसके अलावा, जांचकर्ताओं को पता चला कि वह केरल के त्रिशूर ईस्ट पुलिस स्टेशन में दर्ज ‘क्राइम नंबर 994/2025’ (गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम-यूएपीए, 1967 की धारा 13 के तहत) में भी एक सहयोगी के रूप में शामिल था।
नवी मुंबई की एटीएस टीम ने तुरंत यह जानकारी त्रिशूर पुलिस के साथ साझा की। इसके बाद, केरल पुलिस की एक टीम नवी मुंबई पहुंची और यश सिंह से पूछताछ की। इस मामले में उसकी सीधी संलिप्तता की पुष्टि होने के बाद, केरल पुलिस ने जांच के सिलसिले में उसे गिरफ्तार कर लिया।
एटीएस के अनुसार, कई अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोह, राष्ट्र-विरोधी तत्व और पाकिस्तानी हैंडलर (शहजाद भट्टी का नेटवर्क भी शामिल) टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे हैं। वे पैसों का लालच देकर बेरोजगार और आर्थिक तंगी से जूझ रहे युवाओं को फंसाते हैं और उन्हें राष्ट्रविरोधी तथा तोड़फोड़ जैसी गतिविधियों के लिए भर्ती करते हैं।
एजेंसी की ओर से जारी एक चेतावनी में एटीएस ने कहा कि वह ऐसे लोगों की पहचान कर रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।
इस बीच, पुलिस ने नागरिकों, खासकर माता-पिता और युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से बातचीत न करें और पैसों के लालच में न आएं। उन्होंने लोगों से यह भी कहा है कि वे किसी के साथ भी तस्वीरें, किसी जगह की रेकी से जुड़ी जानकारी या संवेदनशील स्थानों से जुड़ी कोई भी जानकारी साझा न करें।
–आईएएनएस
एएसएच/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



