गोधरा ट्रेन अग्निकांड: सुप्रीम कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा काट रहे दोषी को मेडिकल आधार पर राहत दी

Summary :

नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को 2002 गोधरा ट्रेन अग्निकांड के एक दोषी की सजा पर रोक लगा दी और उसे मेडिकल आधार पर जमानत दे दी। यह दोषी आजीवन कारावास की सजा काट रहा है और लगभग 18 वर्षों से जेल में बंद है। जस्टिस एमएम सुंदेश और जस्टिस प्रसन्ना बी. वराले की बेंच ने दोषी इरफान सिराज पडो की मेडिकल स्थिति को देखते हुए उसे यह राहत दी। सुनवाई के दौरान गुजरात सरकार ने भी यह माना कि उसे हृदय संबंधी (कार्डियोवैस्कुलर) बीमारी है। दोषी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर अपनी सजा…

नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को 2002 गोधरा ट्रेन अग्निकांड के एक दोषी की सजा पर रोक लगा दी और उसे मेडिकल आधार पर जमानत दे दी। यह दोषी आजीवन कारावास की सजा काट रहा है और लगभग 18 वर्षों से जेल में बंद है।

जस्टिस एमएम सुंदेश और जस्टिस प्रसन्ना बी. वराले की बेंच ने दोषी इरफान सिराज पडो की मेडिकल स्थिति को देखते हुए उसे यह राहत दी। सुनवाई के दौरान गुजरात सरकार ने भी यह माना कि उसे हृदय संबंधी (कार्डियोवैस्कुलर) बीमारी है।

दोषी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर अपनी सजा पर रोक लगाने और अपनी आपराधिक अपील लंबित रहने के दौरान जमानत पर रिहा करने की मांग की थी।

यह अपील 2018 से सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। यह मामला फरवरी 2002 की गोधरा ट्रेन अग्निकांड की घटना से जुड़ा है, जिसमें साबरमती एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आग लगा दी गई थी। इस घटना में 59 लोगों की मौत हो गई थी और इसके बाद पूरे गुजरात में सांप्रदायिक दंगे भड़क गए थे।

मार्च 2011 में एक ट्रायल कोर्ट ने इस मामले में 31 लोगों को दोषी ठहराया था। इनमें से 11 को मौत की सजा और 20 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी जबकि 63 आरोपियों को बरी कर दिया गया था।

अक्टूबर 2017 में गुजरात हाईकोर्ट ने सभी 31 दोषियों की सजा को बरकरार रखा लेकिन 11 दोषियों की मौत की सजा को बदलकर आजीवन कारावास में तब्दील कर दिया।

इसके बाद दोषियों ने अपनी सजा को चुनौती देते हुए आपराधिक अपील दायर की। वहीं, गुजरात सरकार ने भी सुप्रीम कोर्ट का रुख किया और मौत की सजा को आजीवन कारावास में बदलने के फैसले को चुनौती दी।

इससे पहले, अप्रैल 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने आठ दोषियों को जमानत दी थी जबकि चार अन्य की याचिकाओं को खारिज कर दिया था।

अगस्त 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने तीन अन्य दोषियों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। कोर्ट ने कहा था कि ट्रायल कोर्ट ने इन दोषियों की विशिष्ट भूमिकाएं तय की थीं, जिनमें पथराव करना और सोने के आभूषण लूटना शामिल था।

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया था कि उनकी रिहाई की याचिकाओं को खारिज करने का मतलब यह नहीं है कि उनकी लंबित आपराधिक अपीलों के गुण-दोष पर कोई प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

–आईएएनएस

एएसएच/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.