उत्तराखंड: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा सरकार ने महिलाओं के लिए आर्थिक मदद का ऐलान किया है। राज्य की करीब 5 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। ग्राम विकास मंत्री भरत चौधरी ने बताया कि इस योजना की पहली किस्त दिसंबर में महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जाएगी। वहीं, दूसरी किस्त चुनाव के बाद जारी की जाएगी। सरकार का दावा है कि इस आर्थिक मदद से महिलाओं को अपना रोजगार बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
क्या है बैणी-भूली योजना?
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में चमोली दौरे के दौरान बैणी-भूली योजना की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि इस योजना के जरिए प्रदेश की लगभग 5 लाख महिलाओं को आर्थिक मदद दी जाएगी। लेकिन, उस समय मुख्यमंत्री ने मिलने वाली राशि के बारे में जानकारी नहीं दी थी।
अब ग्राम विकास मंत्री भरत चौधरी ने बताया कि योजना के तहत हर पात्र महिला को कुल 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। यह पैसा दो किस्तों में सीधे महिलाओं के बैंक अकाउंट में भेजा जाएगा। सरकार का कहना है कि इस योजना से महिलाओं को आर्थिक मदद मिलेगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
दिसंबर में मिलेगी पहली किस्त
ग्राम विकास मंत्री भरत चौधरी के मुताबिक, सरकार चुनाव से पहले ही महिलाओं के खातों में पहली किस्त पहुंचाना चाहती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी और इसकी शुरुआत दिसंबर से होगी।
मंत्री ने इस योजना को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे महिलाओं को लखपति दीदी बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उनके अनुसार, जो महिलाएं पहले से अलग-अलग कामों के जरिए अपनी आमदनी बढ़ाने में जुटी हैं, उन्हें इस योजना से फायदा मिल सकता है।
डेयरी से लेकर सिलाई-बुनाई तक करने वाली महिलाओं को फायदा
- भरत चौधरी ने बताया कि इस योजना का फायदा उन महिलाओं को मिलेगा, जो अपना छोटा कारोबार चला रही हैं। इसमें डेयरी, खाने-पीने की चीजें बनाने, सिलाई, बुनाई और कताई जैसे काम शामिल हैं।
- इसके अलावा सरकार महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को बिना ब्याज के कर्ज भी देगी। इसके तहत जिला सहकारी बैंकों के जरिए व्यक्तिगत महिलाओं को 1 लाख रुपये तक और स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त कर्ज मिलेगा।
- सरकार का कहना है कि इस आर्थिक मदद से महिलाएं अपना बिजनेस शुरू कर सकेंगी और उसे आगे बढ़ा पाएंगी। इस पूरी योजना पर करीब 550 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इससे पहले इन राज्यों में शुरू की गई योजना
इससे पहले बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा और असम जैसे राज्यों में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए पहले ही कई योजनाएं शुरू की जा चुकी हैं। इन योजनाओं के जरिए महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं। अब उत्तराखंड सरकार की इस पहल को भी महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App




