पोखरण में भारत को बड़ी कामयाबी! कितना ताकतवर है JWALA MK-1 एंटी-ड्रोन सिस्टम? जानें कैसे करता है काम

Summary :

भारत ने राजस्थान के पोखरण में स्वदेशी एंटी-ड्रोन सिस्टम JWALA MK-1 का सफल परीक्षण किया है। IG Defence द्वारा विकसित यह AI आधारित सिस्टम 5 किलोमीटर तक के ड्रोन को ट्रैक करने में सक्षम है। इसकी मदद से भारत की हवाई सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मजबूती मिल सकती है।

राजस्थान/पोखरण: भारत ने स्वदेशी रक्षा तकनीक के क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। दरअसल, राजस्थान के पोखरण में देश में बने एंटी-ड्रोन सिस्टम JWALA MK-1 का सफल परीक्षण किया गया। इसे भारतीय रक्षा कंपनी IG Defence ने तैयार किया है। कंपनी का कहना है कि यह भारत का पहला ऐसा सिस्टम है, जो खुद ही दुश्मन के ड्रोन की पहचान कर सकता है और उन्हें हवा में ही रोक सकता है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस सिस्टम को आज के समय में ड्रोन से बढ़ते खतरों को देखते हुए बनाया गया है। अब ड्रोन का इस्तेमाल जासूसी करने से लेकर हमले करने तक में किया जा रहा है। ऐसे में JWALA MK-1 भारत की सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकता है।

क्या है JWALA MK-1 और कैसे करेगा काम?

JWALA MK-1 एक स्वदेशी माइक्रो-मिसाइल बेस्ड  एंटी-ड्रोन सिस्टम है। इसका मेन  काम दुश्मन के ड्रोन की पहचान करना और जरूरत पड़ने पर उन्हें हवा में ही नष्ट करना है। कंपनी का कहना है कि  यह सिस्टम 2 से 5 किलोमीटर की दूरी तक मौजूद टारगेट  को निशाना बनाने में सक्षम है।

इस सिस्टम की खास बात यह है कि इसमें ड्रोन की पहचान करने और उसे रोकने की पूरी प्रक्रिया एक ही जगह पर की जाती है। इससे सुरक्षा एजेंसियां ड्रोन से मिलने वाले खतरे पर जल्दी कार्रवाई कर सकती हैं।  यह तकनीक 50 मीटर से लेकर 5,000 मीटर की ऊंचाई तक उड़ने वाले ड्रोन को रोकने में सक्षम है। इसकी ऑपरेशनल रेंज 5 किलोमीटर तक बताई गई है।

AI टेक्नॉलजी से लैस है यह स्वदेशी सिस्टम

JWALA MK-1 की एक बड़ी खासियत इसका GRID सिस्टम है। यह AI  पर काम करता है। यह अलग-अलग सेंसर से मिलने वाली जानकारी को समझकर सामने मौजूद वस्तु की पहचान करता है। इससे पता लगाने में मदद मिलती है कि सामने उड़ रही चीज ड्रोन है या कुछ और और वह किस तरह का ड्रोन है। कंपनी के अनुसार, GRID सिस्टम अलग-अलग सेंसर से मिली जानकारी को एक ही प्लेटफॉर्म पर एड करता  है। इससे ड्रोन की पहचान करना और उससे होने वाले खतरे को समझना आसान हो जाता है।

पिछले कुछ सालों में युद्ध के दौरान ड्रोन का इस्तेमाल काफी बढ़ा है। छोटे और कम कीमत वाले ड्रोन भी सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बन रहे हैं। खासकर जब एक साथ कई ड्रोन इस्तेमाल किए जाते हैं, तो उन पर नजर रखना और उनसे निपटना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में JWALA MK-1 जैसे सिस्टम भारत की सुरक्षा के लिए मददगार हो सकते हैं। इसका मकसद ड्रोन से निपटने के लिए महंगे एयर डिफेंस सिस्टम पर निर्भरता कम करना है।

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत को मिलेगा बढ़ावा

JWALA MK-1 का सफल परीक्षण भारत के रक्षा क्षेत्र के लिए भी अहम माना जा रहा है। देश में ही ऐसी टेक्नॉलजी  तैयार होने से विदेशी रक्षा उपकरणों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।

IG Defence की यह पहल मॉडर्न  डिफेंस टेक्नॉलजी  को भारत में विकसित करने की दिशा में एक और कदम है। लेकिन, यह सिस्टम कितना कारगर है, इसका सही पता आगे होने वाले परीक्षणों और सेना में इसके इस्तेमाल के बाद ही चल पाएगा।

यह भी पढ़ें: राजस्थान के मतदान केंद्र में वोट गिनने के बदले ताश खेल रहा था कर्मचारी ,वीडियो वायरल

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।