चेन्नई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु विधानसभा अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर मंगलवार से चार पूर्व एआईएडीएमके विधायकों के खिलाफ अयोग्यता याचिकाओं पर सुनवाई शुरू करेंगे। इन विधायकों ने विधानसभा से इस्तीफा देकर बाद में दूसरी राजनीतिक पार्टी ज्वाइन कर ली थी। मद्रास हाईकोर्ट के निर्देश के बाद यह सुनवाई हो रही है।
10 से 12 नवंबर तक चलने वाली इस कार्यवाही में एआईएडीएमके महासचिव के. पलानीस्वामी की तरफ से पूर्व विधायकों एसाक्की सुब्बैया, मरगथम कुमारवेल, जयकुमार और सत्यभामा के खिलाफ दायर शिकायतों पर विचार किया जाएगा।
यह विवाद विधानसभा चुनावों के बाद पैदा हुई राजनीतिक हलचल से शुरू हुआ, जब एआईएडीएमके पलानीस्वामी और पूर्व मंत्री एसपी वेलुमणि के नेतृत्व वाले दो विरोधी गुटों में बंट गई थी। दोनों नेताओं ने अध्यक्ष को अलग-अलग पत्र सौंपकर अपने-अपने गुटों को असली एआईएडीएमके विधायक दल के रूप में मान्यता देने की मांग की थी।
विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार के विश्वास मत के दौरान टकराव और तेज हो गया। वेलुमणि गुट के 25 एआईएडीएमके विधायकों ने सरकार के पक्ष में वोट दिया जिसके बाद पलानीस्वामी खेमे ने उनकी अयोग्यता की मांग की। इसके बाद सरकार का समर्थन करने वाले चार विधायकों ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और दूसरी पार्टी में शामिल हो गए।
पलानीस्वामी गुट ने अध्यक्ष से उनके इस्तीफे को स्वीकार न करने और दलबदल विरोधी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने का आग्रह किया था।
हालांकि, बाद में पलानीस्वामी और वेलुमणि के बीच राजनीतिक सुलह हो गई, जिससे एआईएडीएमके के दोनों धड़े फिर एक हो गए। समझौते के बाद पार्टी ने 21 विधायकों के खिलाफ अयोग्यता की कार्यवाही वापस लेने का अनुरोध किया जबकि इस्तीफा देने वाले चार के खिलाफ शिकायत को बरकरार रखा। 21 सदस्यों के खिलाफ कार्यवाही बाद में खत्म कर दी गई।
बाकी याचिकाओं पर फैसला लेने में देरी से नाराज पलानीस्वामी ने जल्द फैसला लेने के निर्देश के लिए मद्रास हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। हाईकोर्ट ने अध्यक्ष को अयोग्यता की शिकायतों की जांच करने और दो महीने के भीतर उचित फैसला लेने का निर्देश दिया।
कोर्ट के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए अध्यक्ष ने चारों पूर्व विधायकों को नोटिस जारी किए हैं और मंगलवार से गुरुवार तक सुनवाई तय की है। पूर्व विधायकों और पलानीस्वामी दोनों की तरफ से वकील अपनी दलीलें पेश करेंगे।
अंतिम सुनवाई 17 नवंबर को तय की गई है, जिसके बाद अध्यक्ष के दलीलों की जांच के बाद अपना फैसला सुनाने की उम्मीद है।
खास बात यह है कि मरगथम कुमारवेल और सत्यभामा बाद में उपचुनाव जीत गए और इस समय टीवीके विधायक के रूप में काम कर रहे हैं।
इससे पहले, एआईएडीएम के मंत्री एम.आर. विजयभास्कर और सी. विजयभास्कर ने भी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर दूसरी राजनीतिक पार्टी ज्वाइन की थी।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



