आंध्र प्रदेश : चेन-सॉ हमले में घायल छात्रा से मिलने अस्पताल पहुंचे नारा लोकेश, अगले 48 घंटे अहम

Summary :

अमरावती, 1 नवंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के एक स्कूल में शनिवार को अपने ही एक रिश्तेदार द्वारा चेन-सॉ (आरी) से किए गए हमले में घायल 10वीं की छात्रा की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों ने इसकी पुष्टि की। डॉक्टरों के अनुसार, बेंगलुरु के एक अस्पताल में इलाज करा रही पीड़िता के लिए अगले 48 घंटे बहुत महत्वपूर्ण हैं। आंध्र प्रदेश के शिक्षा और आईटी मंत्री नारा लोकेश ने रविवार को बेंगलुरु का दौरा किया। उन्होंने मणिपाल अस्पताल में डॉक्टरों से बातचीत की और छात्रा की स्वास्थ्य स्थिति और चल रहे इलाज का जायजा लिया। यह…

अमरावती, 1 नवंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के एक स्कूल में शनिवार को अपने ही एक रिश्तेदार द्वारा चेन-सॉ (आरी) से किए गए हमले में घायल 10वीं की छात्रा की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों ने इसकी पुष्टि की।

डॉक्टरों के अनुसार, बेंगलुरु के एक अस्पताल में इलाज करा रही पीड़िता के लिए अगले 48 घंटे बहुत महत्वपूर्ण हैं।

आंध्र प्रदेश के शिक्षा और आईटी मंत्री नारा लोकेश ने रविवार को बेंगलुरु का दौरा किया। उन्होंने मणिपाल अस्पताल में डॉक्टरों से बातचीत की और छात्रा की स्वास्थ्य स्थिति और चल रहे इलाज का जायजा लिया।

यह छात्रा अनंतपुर जिले के राप्थाडु स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में हुए एक हमले में घायल हो गई थी। आरोपी हेमंत छात्रा का करीबी रिश्तेदार है। बताया जा रहा है कि वह अभी फरार है।

आईटी मंत्री नारा लोकेश ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 10 बजे हुई, जब एक व्यक्ति चेन-सॉ (आरी) लेकर स्कूल परिसर में घुस आया और छात्रा पर हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत पुलिस और जिला स्वास्थ्य अधिकारियों को सतर्क कर दिया।

छात्रा को पहले एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर करने के लिए लगभग आठ घंटे तक काम किया। जब उसकी हालत ऐसी हो गई कि उसे कहीं और ले जाया जा सके तो उसे बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया और लगभग 12 घंटे तक चली सर्जरी के बाद उसे आईसीयू में भेज दिया।

नारा लोकेश ने कहा कि अगले 48 घंटे बहुत नाजुक हैं और उन्होंने पूरे आंध्र प्रदेश के लोगों से छात्रा के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करने की अपील की। ​उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में उसे सभी के समर्थन और प्रार्थनाओं की जरूरत है।

परिवार को सरकार की ओर से पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाते हुए नारा लोकेश ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रा की स्वास्थ्य देखभाल, निरंतर इलाज और बाद में उसके पुनर्वास को सुनिश्चित करना सरकार और उनकी अपनी, दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने माना कि इस घटना ने मौजूदा सुरक्षा प्रणालियों और प्रक्रियाओं को और मजबूत करने की जरूरत को उजागर किया है।

नारा लोकेश ने कहा कि सरकार इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रही है और अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में आंध्र प्रदेश में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए और कड़े सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे।

महिलाओं के प्रति उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार को लेकर कड़ी चेतावनी देते हुए नारा लोकेश ने कहा कि आंध्र प्रदेश में जो कोई भी महिलाओं के प्रति अनुचित टिप्पणी करेगा या अभद्र व्यवहार करेगा, उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि राप्थाडु स्कूल हमले के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

–आईएएनएस

एससीएच/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.