तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर, आंध्र प्रदेश के ओंगोल में पुलिस कांस्टेबल की मौत

अमरावती, 12 जुलाई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में रविवार को सड़क हादसे में एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह हादसा ओंगोल शहर के बाईपास रोड पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और कई वाहनों को टक्कर मार दी।

हादसे के दौरान आर्म्ड रिजर्व (एआर) कांस्टेबल मरियादास (36) साइकिल से जा रहे थे। अनियंत्रित कार ने सबसे पहले उनकी साइकिल को टक्कर मारी, जिससे वह सर्विस रोड पर जा गिरे। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

साइकिल को टक्कर मारने के बाद कार आगे बढ़ी और उसने कचरा ले जा रहे एक ऑटो रिक्शा तथा एक दोपहिया वाहन को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, हालांकि उनकी चोटें मामूली बताई जा रही हैं।

पुलिस के अनुसार, कार में एक महिला डॉक्टर यात्रा कर रही थीं। बताया गया कि वह ओंगोल में आयोजित स्त्री रोग विशेषज्ञों (गायनेकोलॉजिस्ट) के एक राज्य स्तरीय सम्मेलन में शामिल होने आई थीं। हादसा उस समय हुआ जब वह कॉफी शॉप से लौट रही थीं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक वी. हर्षवर्धन ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और आगे की जानकारी का इंतजार है।

आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वांगलापुडी अनिता ने एआर कांस्टेबल मरियादास की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक पुलिसकर्मी के परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

गृह मंत्री ने अपने बयान में कहा, “लोगों की सुरक्षा के लिए सेवा देने वाले एक पुलिसकर्मी को खोना पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं उनके परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। सरकार उनके परिवार के साथ खड़ी रहेगी और उन्हें आवश्यक सहायता एवं सहयोग उपलब्ध कराने के लिए सभी कदम उठाए जाएंगे।”

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्घटना में घायल लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने हादसे के कारणों की व्यापक जांच करने और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

वहीं, आंध्र प्रदेश के ईस्ट गोदावरी जिले में हुए एक अन्य सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, एक अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिसमें ट्रैक्टर पर सवार दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।

यह दुर्घटना रविवार सुबह कोलकाता-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग पर यर्रनागुडेम के पास देवरापल्ले मंडल क्षेत्र में हुई।

मृतकों की पहचान देवरापल्ले निवासी श्रीनू (39) और कदली राजेंद्र (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उस अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है, जिसने ट्रैक्टर को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन और चालक की पहचान के लिए जांच जारी है।

–आईएएनएस

एसएके/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

Related Posts

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।